लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)।
राजकीय महाविद्यालय में रानी लक्ष्मीबाई केंद्र एवं महिला प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में चल रहे 24 दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर में छात्राओं को आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकें और बचाव के गुर सिखाए गए। यह शिविर आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार तथा राजस्थान कम्युनिटी पुलिस टोंक के सहयोग से संचालित हो रहा है।
हेड कांस्टेबल अंजना चौधरी, हेमराज चौधरी, कांस्टेबल प्रशिक्षक आशा, बिना और सरिता छात्राओं को व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं। शनिवार को प्रशिक्षक सरिता ने अचानक हमले की स्थिति में स्वयं की सुरक्षा करने तथा हमले का प्रभावी जवाब देने की कई तकनीकें प्रदर्शित कीं। छात्राओं को लेग थ्रो, नेक थ्रो, शोल्डर थ्रो, बाल पकड़कर किए जाने वाले हमलों से बचाव, दीवार से चिपकाने पर निकलने के तरीके, और बेसिक पंचिंग तकनीकें सिखाई गईं।
शिविर में साइबर फ्रॉड से बचाव पर भी विशेष सत्र हुआ, जिसमें छात्राओं को अनजान कॉल से सावधानी बरतने और डिजिटल अपराधों से सतर्क रहने की सलाह दी गई।
शिविर का संचालन प्रभारी दिव्या कुमारी मीणा द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक छात्राओं को कानूनी जागरूकता, स्वास्थ्य, पोषण, प्राथमिक चिकित्सा, मानसिक स्वास्थ्य, आत्मविश्वास निर्माण और आपातकालीन स्थिति में बचाव जैसे विषयों पर भी प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
रानी लक्ष्मीबाई केंद्र सदस्य आशीष यादव ने बताया कि छात्राओं में इस प्रशिक्षण को लेकर उत्साह काफी बढ़ा है, जिससे उनका मनोबल और आत्मविश्वास मजबूत हो रहा है।













































