- Advertisement -
लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
42 जीजी में फर्जी पुलिसकर्मी बनकर लूट का पर्दाफाश, अंतरराज्यीय गैंग के 3 आरोपी गिरफ्तार
पूर्व मंत्री सुरेन्द्रपाल सिंह टीटी के दामाद के घर हमले का मामला
मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ –
श्रीगंगानगर। जिले के केसरीसिंहपुर थाना क्षेत्र के गांव 42 जीजी में फर्जी पुलिसकर्मी बनकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को बापर्दा गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य आरोपी फरार हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि 18 अक्टूबर की रात को परिवादी गुरचरण सिंह, जो पूर्व मंत्री सुरेन्द्रपाल सिंह टीटी के दामाद हैं, के घर पर अज्ञात बदमाशों ने पुलिस की वर्दी पहनकर हमला किया था।
बदमाश स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर आए थे और खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए घर में घुस गए। उन्होंने परिवार के साथ मारपीट की, घर में तोड़फोड़ की, वाई-फाई व सीसीटीवी कनेक्शन तोड़ दिए और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
घटना के बाद एसपी डॉ. दुहन ने मौके का निरीक्षण कर एएसपी रायसिंहनगर भंवरलाल लाल के नेतृत्व में पांच विशेष टीमें गठित कीं। इन टीमों ने राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में फैले 300 किलोमीटर क्षेत्र के करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्य जुटाए।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि गिरोह का सरगना एक संगठित अपराधी है, जिसके खिलाफ राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में लूट, डकैती, हत्या और हिरासत से फरार होने जैसे करीब 40 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
यह गैंग किराए की गाड़ियों का उपयोग कर विभिन्न राज्यों में सक्रिय रहता है।
अनुसंधान में यह भी सामने आया कि परिवादी के गांव का ही एक व्यक्ति इस वारदात की साजिश में शामिल था। उसने पंजाब के जगरांव निवासी अपने परिचित और उसके पिता (जो इस गैंग का मुख्य आरोपी है) के साथ मिलकर डकैती की योजना बनाई थी।
गांव के आरोपी ने घर और रास्तों की रैकी कर मुख्य आरोपी, उसके भाई और पुत्र को पूरी जानकारी दी, जिसके बाद इस वारदात को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया।
पुलिस ने बताया कि बॉबी (गांव 42 जीजी), सोनू (चंडीगढ़) और संजीव (दिल्ली) को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन आरोपी अभी फरार हैं।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर स्कॉर्पियो वाहन और लूटे गए सामान की बरामदगी की जा रही है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार जुटी हुई है।
- Advertisement -











































