लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
टोडाभीम में दबंगों का कहर: पूर्व कांग्रेस नेता लकी राम बैरवा पर जानलेवा हमला, ICU में भर्ती
लकी राम की हालत गंभीर
कई नेता अस्पताल मिलने पहुंचे
जयपुर- करौली । जयपुर–धौलपुर–करौली लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी रह चुके लकी राम बैरवा पर कथित तौर पर दबंगों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल बैरवा को जयपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वे आईसीयू में उपचाराधीन हैं।
मेजरमेंट के दौरान विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 फरवरी को दोपहर करीब 2:30 बजे लकी राम बैरवा ग्राम पंचायत उरदेन में निर्माण कार्यों का माप-जोख (मेजरमेंट) करवाने पहुंचे थे। उनकी भाभी विमला देवी वर्तमान में ग्राम पंचायत उरदेन की सरपंच हैं। बैरवा अपने साथ पंचायत समिति के अधिकारियों और सहयोगियों के साथ मौके पर मौजूद थे।
बताया जा रहा है कि सड़क निर्माण के माप को लेकर कुछ लोगों ने विरोध किया। बैरवा का आरोप है कि पहले रास्ता नापने से रोका गया और बाद में कुछ लोग हथियारनुमा वस्तुएं लेकर मौके पर पहुंच गए।
गाड़ी में तोड़फोड़, फिर बेरहमी से मारपीट
आरोप है कि हमलावरों ने पहले उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की और फिर उन्हें बाहर निकालकर लाठी-डंडों से मारपीट की। इस हमले में बैरवा को गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों का कहना है कि उनके शरीर पर कई स्थानों पर फ्रैक्चर है।
घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। साथ मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
लूट और धमकी के भी आरोप
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मारपीट के दौरान सोने की चैन छीनी गई और मोबाइल फोन को नुकसान पहुंचाया गया। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई।
इन पर है मारपीट के आरोप
सुरजीत पुत्र रामकुमार गुर्जर निवासी लुहार खेड़ा नरेश पुत्र भीम सिंह जाति गुर्जर चांदवड पुष्पेंद्र पुत्र कलवा निवासी लुहार खेड़ा ने एक राय होकर लकी राम बैरवा पर जानलेवा हमला किया। उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की लकी राम बैरवा ने बताया कि सभी आरोपियों के हाथों में हथियार थे। नरेश के हाथ में कटा या रिवाल्वर थी जिससे उसने सब साथ वालों को भगा दिया। उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। सुरजीत के हाथ में तलवार थी सबसे पहले सुरजीत ने ही जानलेवा हमला किया। पुष्पेंद्र और सुजीत दोनों ने जाति सूचक शब्दों से संबोधित किया। गाड़ी से बाहर निकाल कर कई प्रहार किया जिससे हाथ पैर की हड्डियां टूट गई ,दाएं पैर ,बाया हाथ टूट गया , सिर में चोट लगी , पूरे शरीर पर अनगिनत प्रहार किए। मारपीट में दोनों पैरों को तोड़कर फैक्चर कर दिया, चेहरा, सिर, हाथ, पीठ , पैरों में भी कई बार वार किये। लकी राम बैरवा ने बताया कि झगड़े का मुख्य कारण थाना बालघाट में पहले से ही एक मुकदमा है जो मेरी भाभी जो विमला देवी सरपंच है आरोपियों के खिलाफ राज कार्य में बाधा मारपीट करने का दर्ज करा रखा है। जिसके कारण सभी लोग मेरे से रंजिश रखते हैं।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। क्षेत्र में इस घटना के बाद राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है।
कई नेता मिलने पहुंचे
कांग्रेस नेता की जानकारी मिलने के बाद कांग्रेस विधायक घनश्याम महर ,डीसी बैरवा, पुराने नेता पहुंचे मुलाकात की डॉक्टर को इलाज को लेकर जानकारी ली और पुलिस से जल्दी ही आरोपियों को गिरफ्तारी की मांग की।


















































