लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सवाई माधोपुर: जिले की पुलिस ने रविवार को नाकाबंदी के दौरान मध्य प्रदेश से दिल्ली जा रही एक लग्जरी कार से 1 करोड़ 11 लाख रुपये नकद जब्त कर एक बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में कार में सवार पांच संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार बेनीवाल ने बताया कि एएसपी विजय सिंह मीणा और सीओ हंसराज बैरवा के निर्देशन में जिलेभर में वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान रवांजना डूंगर और मानटाउन थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से नाकाबंदी कर यह कार्रवाई की।
पुलिस ने बताया कि जब संदिग्ध लग्जरी कार को रोका गया, तो वाहन की आगे-पीछे की नंबर प्लेट पर मिट्टी लगी हुई थी और कार सवार लोगों का हाव-भाव संदिग्ध लगा। पूछताछ में संतोषजनक जवाब न मिलने पर पुलिस ने वाहन की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पीछे की सीट के नीचे बैग पाए गए, जिनमें 500, 200, 100 और 50 रुपये के नोटों के बंडल रखे हुए थे। बैंक से नोट गिनने की मशीन मंगवाकर गिनती करने पर कुल राशि 1 करोड़ 11 लाख रुपये पाई गई। आरोपी नकदी के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जानकारी नहीं दे सके।
पुलिस ने अवैध संग्रहण और परिवहन पाए जाने पर धारा 106 बीएनएस के तहत नकदी जब्त कर ली। इस मामले की जानकारी आयकर विभाग को दी गई, जिसकी टीम थाना रवांजना डूंगर पहुंचकर संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। पकड़े गए आरोपी मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों के निवासी हैं।
पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।











































