लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
प्रतापगढ़। (प्रियंका माहेश्वरी) हिंदू जागरण, सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं सामाजिक एकता को सशक्त करने के उद्देश्य से सकल हिंदू समाज माधव बस्ती, प्रतापगढ़ की ओर से विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। यह भव्य आयोजन रविवार, 01 फरवरी 2026 को श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न होगा।
आयोजन की शुरुआत प्रातः 11:30 बजे कलश यात्रा से की जाएगी। इसके पश्चात हिंदू धर्म सभा का आयोजन होगा, जिसमें सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और हिंदू समाज की एकता पर विचार रखे जाएंगे। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी का आयोजन भी किया जाएगा।
सम्मेलन में अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही सम्प्रदाय के शाहपुरा पीठ के संत पूज्य शंभूराम महाराज (धामपुर, मंदसौर – मध्यप्रदेश) विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। उनकी उपस्थिति से कार्यक्रम की आध्यात्मिक गरिमा और ऊर्जा में विशेष वृद्धि होने की अपेक्षा है।
आयोजकों ने बताया कि इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य समाज में सनातन धर्म के प्रति चेतना जागृत करना, युवा पीढ़ी को सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ना तथा सामाजिक एकता को और अधिक मजबूत करना है।
सकल हिंदू समाज माधव बस्ती के आयोजकों ने प्रतापगढ़ एवं आसपास के क्षेत्रों के समस्त हिंदू समाज से परिवार सहित अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस विराट हिंदू सम्मेलन को सफल बनाने की अपील की है। आयोजकों का कहना है कि यह आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश, नई ऊर्जा और धार्मिक चेतना का संचार करेगा।














































