लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
15 हजार युवाओं को नौकरी के पत्र वितरित
बांसवाड़ा, राजस्थान: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर गुरुवार को बांसवाड़ा में आयोजित भव्य जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने राजस्थान में 1 लाख 8 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं सहित कुल 1 लाख 22 हजार करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण कर उन्हें राष्ट्र को समर्पित किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने माही-बांसवाड़ा परमाणु ऊर्जा संयंत्र की आधारशिला रखी और साथ ही तीन नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके अलावा, 15 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए गए।
समारोह में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केन्द्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने से हुई।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में युवाओं को रोजगार, राज्य और केंद्र सरकार की विकास परियोजनाओं के महत्व के बारे में जानकारी दी और देश की प्रगति में नागरिकों की भूमिका पर प्रकाश डाला।