लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रिपोर्ट: तुषार पुरोहित, सिरोही
सिरोही। पिंडवाड़ा–अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर स्थित अजारी फाटक के पास सोमवार सुबह बड़ा हादसा होते–होते टल गया, जब एक चलते ट्रेलर में अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग लगते ही माहौल में अफरा-तफरी फैल गई। ट्रेलर चालक सतर्कता दिखाते हुए समय रहते कूद गया और अपनी जान बचाई।
ब्रिज निर्माण में लगे पानी के टैंकर ने बचाई स्थिति
घटना की सूचना मिलते ही पास में चल रहे ब्रिज निर्माण कार्य में तैनात पानी के टैंकर को मौके पर बुलाया गया। टैंकर चालक ने तुरंत पानी डालकर आग पर नियंत्रण पाया। समय पर आग बुझा देने से बड़ा विस्फोट या सड़क हादसा होने से बच गया।

ट्रेलर का पिछला हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त
आग की तीव्रता के कारण ट्रेलर का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
नगर पालिका के पास फायर ब्रिगेड वाहन नहीं
गौरतलब है कि पिंडवाड़ा नगर पालिका के पास अपना फायर ब्रिगेड वाहन नहीं है। ऐसे में आपात स्थितियों में समय पर राहत और बचाव कार्य करना चुनौती बना हुआ है।
आज की घटना में भी अगर निर्माण कंपनी का पानी का टैंकर मौके पर मौजूद नहीं होता, तो हादसा और बड़ा हो सकता था।