लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)। पुलिस ने राज्य बीमा एवं प्रावधायी निधि विभाग से फर्जी तरीके से क्लेम दिलाने के मामले में आरोपी बुद्धिप्रकाश जायसवाल (पुत्र नाथुलाल कलाल, समिधि, थाना करवर, बूंदी) को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
जानकारी के अनुसार, 3 जुलाई 2025 को पवनकुमार शर्मा, सहायक निदेशक, राज्य बीमा एवं प्रावधायी निधि विभाग टोंक, ने उनियारा पुलिस को पत्र भेजकर सूचना दी कि ढीकोलिया निवासी राधाकिशन शर्मा के परिजनों ने मुख्यमंत्री आयुष्मान दुर्घटना बीमा योजना में आवेदन किया था। मृतक की मृत्यु सड़क दुर्घटना में होने का दावा किया गया, लेकिन दस्तावेजों की आरंभिक जांच में उन्हें कूटरचित पाया गया।
पुलिस ने जांच शुरू कर विशेष टीम गठित की। एएसआई रतनलाल मीणा के नेतृत्व में टीम ने पता लगाया कि क्लेम दिलाने में मुख्य सूत्रधार बुद्धिप्रकाश जायसवाल सक्रिय था। आरोपी के अलावा मामले में राजेश बैरवा (बिलोना, लालसोट) और अन्य लोगों के संलिप्त होने की जांच जारी है।


















































