लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रंग, फूल और भक्ति का अनोखा संगम
रिपोर्टर — विमल पारीक
कुचामन सिटी। शहर में इन दिनों फागोत्सव की रंगत छाई हुई है। ढोलक की थाप, फाग गीतों की गूंज और उड़ते अबीर-गुलाल के बीच मंदिर परिसर भक्तिरस में डूबे नजर आ रहे हैं। ब्रज की होली की तर्ज पर शहर में भी पारंपरिक अंदाज में फागोत्सव मनाया जा रहा है।
सीकर रोड स्थित एक निजी भवन में श्रद्धा, उल्लास और भक्तिभाव के साथ फागोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में फूलों की वर्षा और रंगों के बीच श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरा वातावरण भक्ति और आनंद के अनोखे संगम से सराबोर हो उठा। चारों ओर रंग, फूल और भक्ति की छटा देखने को मिली।
संगीत सदन एवं महिला मंडल की सदस्याओं ने जब राधा-कृष्ण और शिव-पार्वती का स्वरूप धारण कर फाग खेला तो उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। महिलाओं ने एक-दूसरे पर पुष्पवर्षा कर फूलों की होली खेली, जिससे पूरा परिसर रंग-बिरंगे पुष्पों की सुगंध से महक उठा।
ढोलक की थाप और पारंपरिक फाग गीतों के बीच अबीर-गुलाल उड़ता रहा और भक्तजन जयकारों के साथ भक्ति में लीन नजर आए। फागोत्सव ने शहरवासियों को रंग, संगीत और श्रद्धा के अद्भुत संगम का आनंद प्रदान किया।


















































