Home latest पेपर लीक गिरोह के सरगना हर्षवर्धन मीणा को दौसा कलेक्टर ने किया...

पेपर लीक गिरोह के सरगना हर्षवर्धन मीणा को दौसा कलेक्टर ने किया बर्खास्त

0

भीलवाड़ा में पटवारी पत्नी सरिता मीणा को पूर्व में किया जा चुका है बर्खास्त
लोक टुडे न्यूज नेटवर्क

जयपुर,। (आर एन सांवरिया) भजन लाल शर्मा सरकार की पेपर लीक मामलों में जीरो टोलरेंस नीति के चलते इन मामलों में पुलिस और प्रशासन द्वारा लगातार बड़े एक्शन लिए जा रहे और पेपर लीक में लिप्त राज्यकर्मियों को बर्खास्त कर सख्त संदेश दिया जा रहा है। इसी क्रम में दौसा कलेक्टर देवेंद्र कुमार द्वारा विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक के मामले के सरगना हर्षवर्धन तत्कालीन पटवारी महवा हाल निलंबित को राज्य सेवा से बर्खास्त कर दिया है।

एटीएस-एसओजी के एडीजी वी.के.सिंह ने बताया कि जेईएन भर्ती परीक्षा 2020 में गिरफ्तारी से पहले महवा में पटवारी के पद पर कार्यरत हर्षवर्धन मीणा पर लगे तीन आरोपों की जांच पूरी होने के बाद आरोप प्रमाणित पाए जाने पर दौसा कलेक्टर देवेंद्र कुमार द्वारा शुक्रवार को राज्य सेवा से बर्खास्त किया गया है।
हर्षवर्धन पर पहला आरोप 2 जनवरी, 2024 से अनुपस्थित चलना, दूसरा राजस्थान सरकार द्वारा आयोजित विभिन्न परीक्षाओं के पेपर लीक होने से सम्बन्धित प्रकरण में संलिप्त होने पर एसओजी जयपुर 18 फरवरी,2024 को नेपाल बोर्डर से भारत की सीमा में आते हुए एक साथी के साथ भारत-नेपाल सीमा पर स्थित शहर सोनोली (उत्तरप्रदेश) से गिरफ्तार किया जाना और तीसरा आरोप स्वयं तथा परिजनों के नाम से विभिन्न प्रकार की चल व अचल सम्पत्ति बिना सक्षम अधिकारी की पूर्वानुमति के अर्जित किया जाना है, जिसका वार्षिक कार्य मूल्यांकन प्रतिवेदन में उल्लेख नहीं किया गया था।

पत्नी सरिता को भी पहले ही बर्खास्त किया गया था:

एडीजी सिंह ने बताया कि पेपर लीक गिरोह के सरगना हर्षवर्धन मीणा की पत्नी सरिता मीणा भी भीलवाड़ा में पटवारी के पद पर कार्यरत थी। जिसने उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा 2021 में स्वयं की जगह डमी अभ्यर्थी बैठा लिखित परीक्षा पास की थी, जिसमें फरार चल रही है। सरिता पर लगे तीन आरोपों की जांच पूर्ण होने के बाद आरोप प्रमाणित पाए जाने पर तत्कालीन भीलवाड़ा कलेक्टर नमित मेहता द्वारा 24 दिसम्बर,2024 को राज्य सेवा से बर्खास्त किया गया था।

निलंबित पटवारी सरिता मीणा पर पहला आरोप 15 जनवरी,2024 से बिना अनुमति एवं सक्षम स्वीकृति के मोबाइल स्विच ऑफ कर कार्य स्थल से अनुपस्थित रहना, दूसरा आरोप कार्यस्थल पटवार हल्का बारणी का राजस्व रेकार्ड किसी अन्य पटवारी को नहीं देकर गुलाबपुरा स्थित निजी आवास में रखना, जिससे राजस्व रेकार्ड खुर्द-बुर्द होने की संभावना थी। तीसरा आरोप आरपीएससी द्वारा आयोजित उप निरीक्षक पुलिस/प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा- 2021 में अपने स्थान पर किसी अन्य को बैठाकर लिखित परीक्षा पास किया जाना है।

अब तक 86 लोकसेवक बर्खास्त:

सिंह ने बताया कि पेपर लीक मामलों की जांच के लिए मुख्यमंत्री द्वारा गठित एसआईटी के बाद से लेकर अब तक 45 (प्रशिक्षु उप निरीक्षक-2021) सहित भर्ती सम्बन्धी अन्य परीक्षाओं में संलिप्तता पाये जाने पर कुल 86 लोकसेवकों को बर्खास्त / सेवा से पृथक किया जा चुका है। जिसमें प्रमुख रूप से अमृत मीणा (पूर्व कॉलेज व्याख्याता), आरएएस भर्ती, 2013 का पेपर लीक का सूत्रधार, सरनाऊ (सांचोर) के प्रधान का पुत्र ओमप्रकाश ढाका (अध्यापक), पेपरलीक माफिया जगदीश विश्नोई का भाई भीखाराम ( अध्यापक) शामिल हैं।
सिंह ने बताया कि पेपर लीक मामलों में की जा रही कार्रवाई की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। इसके तहत शेष 189 लोकसेवकों के विरूद्ध विभागीय जाँच प्रक्रियाधीन है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version