लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कलेक्ट्रेट पर जोरदार विरोध
श्रीगंगानगर। (मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ) जिला कांग्रेस कमेटी श्रीगंगानगर ने NEET परीक्षा 2026 के पेपर लीक मामले को लेकर बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया और जिला कलेक्ट्रेट पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला दहन किया।
भगत सिंह चौक से कलेक्ट्रेट तक प्रदर्शन
कार्यकर्ता बड़ी संख्या में भगत सिंह चौक पर एकत्र हुए, जहां से वे नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला प्रमुख दुलाराम इंदलिया और पूर्व विधायक राजकुमार गौड़ ने किया। वहीं रूपिंद्र सिंह रूबी कुन्नर के आह्वान पर कार्यकर्ता एकजुट हुए।
युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पेपर लीक की घटनाएं छात्रों की मेहनत और भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं। इस दौरान पूर्व विधायक राजकुमार गौड़ ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य से हो रहे इस तरह के खिलवाड़ को अब देश बर्दाश्त नहीं करेगा।
पुतला दहन और नारेबाजी
कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका और जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान माहौल काफी गर्म रहा।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस विरोध प्रदर्शन में श्याम शेखावटी, विशाल गौड़, कर्ण सहारण, सोहन नायक, पवन नंदिवाल, राकेश ठोलिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे।
