लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया) राजस्थान में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के लिए राजस्थान पुलिस द्वारा प्रदेशभर में सघन नाकाबंदी अभियान चलाया गया।
यह विशेष अभियान पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर दो दिन तक विभिन्न रेंजों में संचालित किया गया।
727 नाकाबंदी पॉइंट्स पर सघन जांच
अतिरिक्त महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) वी.के. सिंह के अनुसार अभियान के तहत बीकानेर, जोधपुर और जयपुर रेंज में पहले दिन तथा भरतपुर, उदयपुर और कोटा रेंज में दूसरे दिन कार्रवाई की गई।
प्रदेशभर में कुल 727 नाकाबंदी पॉइंट्स पर वाहनों की जांच की गई। इस दौरान
- 16,676 दोपहिया वाहन
- 18,795 चौपहिया वाहन
की सघन जांच की गई।
यातायात नियम उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई
अभियान के दौरान यातायात नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की गई—
- 262 वाहन चालक शराब पीकर वाहन चलाते पकड़े गए
- 1173 बिना हेलमेट वाहन चालक
- 1213 बिना सीट बेल्ट चालक
- 75 चालक मोबाइल पर बात करते हुए पकड़े गए
नंबर प्लेट और ब्लैक फिल्म पर भी कार्रवाई
अभियान में नियम विरुद्ध नंबर प्लेट और ब्लैक फिल्म वाले वाहनों पर भी शिकंजा कसा गया।
- 857 मामलों में नंबर प्लेट उल्लंघन
- 739 मामलों में ब्लैक फिल्म
- 2856 अन्य एमवी एक्ट उल्लंघन
कुल मिलाकर 7185 मोटर वाहन अधिनियम से जुड़े मामलों में कार्रवाई की गई।
अवैध गतिविधियों पर भी बड़ी कार्रवाई
अभियान के दौरान कई आपराधिक मामलों में भी कार्रवाई की गई—
- 106 बीएनएसएस मामलों में 8 वाहन सीज
- एक्साइज एक्ट के 53 मामले
- आर्म्स और एनडीपीएस एक्ट के 10-10 मामले
इस दौरान 150 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया।
कोटा रेंज में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ भी कार्रवाई हुई, जिसमें करीब 75 टन काली बजरी, 4 डंपर, 4 ट्रैक्टर, 3 पिकअप और 3 ट्रेलर जब्त किए गए।
आगे भी जारी रहेंगे अभियान
राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि प्रदेश में अपराध नियंत्रण, यातायात नियमों की पालना और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के सघन अभियान आगे भी जारी रहेंगे।