लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
छोटी सादड़ी (प्रतापगढ़)। ग्राम पंचायत पीथलवड़ीकला के ग्रामीणों ने ग्राम विकास अधिकारी कन्हैयालाल जटिया पर रिश्वत लेने, मेट आईडी बंद करने और लापरवाही बरतने के गंभीर आरोप लगाते हुए जिला कलेक्टर अंजलि राजौरिया तथा जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों ने जल्द कार्रवाई की मांग की है।
मेट आईडी के नाम पर 5,000 रुपये लेने का आरोप
प्रार्थी शहनाज बानो ने बताया कि वर्ष 2024 में सचिव पद रिक्त होने के दौरान उन्हें मेट नियुक्त किया गया। आरोप है कि इस दौरान BDO कन्हैयालाल जटिया ने उनकी मेट आईडी बनाने के लिए 5,000 रुपये मांगे और यह राशि ग्रामीण रज्जाक के सामने ली।
ग्रामीणों का कहना है कि 24 मई 2025 को सचिव ने आईडी चालू रखने के लिए फिर से 5,000 रुपये मांगे। पैसा नहीं देने पर उनकी आईडी बंद कर दी गई और दूसरे व्यक्ति राजेंद्र मीणा के नाम से नई आईडी जारी कर दी गई।
शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं
ग्रामीणों ने यह मामला 181 हेल्पलाइन और उपखंड अधिकारी छोटी सादड़ी को भी बताया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मीडिया के माध्यम से भी शिकायत उठाई गई, फिर भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ।
पानी की मोटर खराब, शिकायत के बाद भी समाधान नहीं
चक-सुखड़ के ग्रामीण हंसराज ने बताया कि ट्यूबवेल की मोटर खराब होने से गांव में पानी की समस्या बनी हुई है। कई बार सचिव से मोटर उपलब्ध कराने की मांग की गई, लेकिन कोई कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि “खर्चा-पानी देने पर ही काम होता है।”
गांव की सड़कों की हालत बदहाल
चक-सुखड़ निवासी मांगीलाल ने बताया कि सरकारी रास्तों पर नालियों का पानी जमा रहता है। कई बार ग्रेवल डालने की गुहार लगाई गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
सालेडाकला के नानूराम, मदन और निर्भयराम ने भी बताया कि उनके घरों के बाहर का रास्ता बारिश में जलमग्न हो जाता है, और सचिव पिछले एक वर्ष से केवल आश्वासन दे रहे हैं।
मस्टॉल कार्य में भ्रष्टाचार का आरोप
ग्रामीणों ने बताया कि मस्टॉल कार्य में मेट नुरजहां की आईडी भी सचिव ने बंद कर दी। आरोप है कि सचिव ने उनके पति से 10,000 रुपये की मांग की थी। लेबरों की शिकायत पर नुरजहां ने खुद आईडी संभालने की बात कही तो दूसरे ही दिन उनकी आईडी बंद कर दी गई।

ग्रामीणों की मांग
ग्रामीणों ने कलेक्टर से अनुरोध किया है कि—
-
ग्राम विकास अधिकारी कन्हैयालाल जटिया के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए,
-
गांव में पानी की मोटर तुरंत उपलब्ध कराई जाए,
-
चक-सुखड़ व सालेडाकला के खराब रास्तों की मरम्मत जल्द कराई जाए।
ज्ञापन शहनाज बानो, नानूराम, हंसराज मोगिया, खेमराज, फारूक मोहम्मद, रज्जाक मोहम्मद सहित कई ग्रामीणों द्वारा संयुक्त रूप से सौंपा गया।
















































