लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
स्थानीय संवाददाता ओमप्रकाश चौधरी।
पीसांगन, अजमेर | पीसांगन कस्बे की न्यू कॉलोनी स्थित एक मकान में शनिवार सुबह गैस सिलेंडर के धधकने से भीषण आग लग गई। हादसे में पिता-पुत्र झुलस गए, जबकि लाखों रुपये का घरेलू सामान जलकर खाक हो गया।
जानकारी के अनुसार न्यू कॉलोनी निवासी राकेश पुत्र महेंद्र दास और उनके पिता महेंद्र दास के मकान में सुबह करीब साढ़े 8 बजे रसोई में गैस चूल्हे पर पानी गर्म किया जा रहा था। इसी दौरान पास रखे गैस सिलेंडर से गैस रिसाव हुआ और आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास रखा सामान भी चपेट में आ गया।
आग बुझाने के प्रयास में राकेश और उनके पिता झुलस गए। घर में मौजूद महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
आगजनी में बाइक, अलमारी, दो कूलर, नकदी राशि और हाल ही में हुई शादी का सामान सहित लाखों का नुकसान हुआ। आग के कारण रसोई से सटे कमरे में दरारें भी आ गई हैं, जिससे बड़े हादसे की आशंका जताई जा रही है।
थानाधिकारी सरोज चौधरी के निर्देशन में हैड कांस्टेबल छोटूलाल, कांस्टेबल प्रधान जाट व धर्मासिंह रावत मौके पर पहुंचे और पुलिस-ग्रामीणों के सहयोग से स्थिति को नियंत्रित किया गया।