लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
कठूमर, अलवर
रिपोर्टर: संजीव बंसल
कठूमर कस्बे में पानी की समस्या ने लोगों का धैर्य तोड़ दिया। बार्ड संख्या 13 और 14 की महिलाओं ने बुधवार को खेड़ली एवं नगर रोड पर चक्का जाम कर प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि उन्हें पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल रहा, जिससे मजबूरी में मोल का पानी खरीदना पड़ रहा है।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने जलदाय विभाग के स्थानीय कार्मिकों पर भेदभाव करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सप्ताह में सिर्फ एक-दो दिन ही पानी की आपूर्ति होती है। कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं की गई। इसी वजह से उन्होंने आंदोलन का रास्ता अपनाया।
महिलाओं का कहना था कि पूरे कस्बे में पानी की आपूर्ति की जाती है, लेकिन उनके बार्डों में न तो नियमित पानी दिया जाता है और न ही क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत की जा रही है।
चक्का जाम की वजह से खेड़ली और नगर रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मौके पर एसडीएम श्याम सुंदर चेतीवाल की अनुपस्थिति में तहसीलदार भानु प्रताप सिंह पहुँचे और महिलाओं को शांत किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि पूरे सप्ताह बिना भेदभाव पानी की आपूर्ति कराई जाएगी। इसके बाद महिलाओं ने जाम खोल दिया।
प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि समस्या का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा।












































