पत्नी ही निकली पति की हत्या की मास्टर माइंड, प्रेमी सहित गिरफ्तार

0
24
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

हवस के लिए रिश्तो का कत्ल

श्रीगंगानगर: घड़साना पुलिस ने 20 दिन में सुलझाया ब्लाइंड मर्डर, पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार

श्रीगंगानगर/घड़साना। जिले की घड़साना थाना पुलिस ने एक सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर का पर्दाफाश करते हुए मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया है, जिस पर जेजे एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दूहान ने बताया कि 16 जनवरी को मृतक भजनलाल के पिता ने घड़साना थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनका बेटा 13 जनवरी को काम पर गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की।

2 फरवरी को नहर में मिला शव

जांच के दौरान 2 फरवरी को नोख क्षेत्र में इंदिरा गांधी नहर (IGNP) में एक शव मिला, जिसकी पहचान भजनलाल के पिता ने की। शव के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और गले में रस्सी बंधी हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि हुई।

प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह

जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी इंदिरा देवी का प्रेम प्रसंग प्रभु राम के साथ चल रहा था। इसी संबंध को लेकर दोनों ने साजिश रची। आरोप है कि प्रभु राम और एक नाबालिग ने भजनलाल की गाड़ी रोककर उसके सिर पर वार किया। बेहोश होने पर उसे बाइक से नहर के पास ले गए। होश आने पर फिर से मारपीट कर हत्या कर दी और शव को रस्सी से बांधकर बाइक सहित नहर में फेंक दिया।

पुलिस का खुलासा

घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ते हुए घड़साना पुलिस ने पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश किया और पत्नी इंदिरा देवी तथा उसके प्रेमी प्रभु राम को गिरफ्तार कर लिया। नाबालिग आरोपी को निरुद्ध कर जेजे एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह एक ब्लाइंड मर्डर था, जिसे तकनीकी साक्ष्यों और सघन पूछताछ के आधार पर सुलझाया गया।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here