लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कोटपूतली। पंजाब के पटियाला में आयोजित राजा रणधीर सिंह मेमोरियल कप / इंडियन ओपन शूटिंग टूर्नामेंट (प्री-नेशनल्स) में राजस्थान की युवा निशानेबाज कु. इनाया यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। इनाया ने जूनियर महिला ट्रैप शूटिंग और यूथ महिला ट्रैप शूटिंग दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया।
इनाया, पूर्व मंत्री राजेंद्र यादव की सुपौत्री एवं त्रिभुवन यादव की पुत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, कोटपूतली क्षेत्र और पूरे राजस्थान में खुशी का माहौल है।
प्रतियोगिता में गुजरात, हरियाणा सहित देश के लगभग 25 राज्यों के प्रतिभाशाली निशानेबाजों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबले के बीच इनाया ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुशासन और कठिन परिश्रम के दम पर दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही राष्ट्रीय प्रतियोगिता (नेशनल्स) के लिए भी क्वालीफाई कर लिया।
इनाया की इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। सभी ने विश्वास जताया कि वह भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करेंगी।