- Advertisement -
लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सांगानेर में 87 कॉलोनियों पर संकट, पर ‘पतासी वाली मां’ को अपने मुख्यमंत्री भाई पर पूरा भरोसा
जयपुर। सांगानेर क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब सुप्रीम कोर्ट और राजस्थान हाई कोर्ट ने राजस्थान हाउसिंग बोर्ड को सांगानेर बीटू बाईपास से लेकर आसपास की करीब 87 कॉलोनियों को हटाने का आदेश दिया। आदेश के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, लोग अपने मकानों के भविष्य को लेकर चिंतित हैं।
“पतासी वाली मां बोलीं – मुख्यमंत्री मेरा भाई है, मेरा मकान नहीं टूटेगा”
इसी बीच 70 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला, जिन्हें लोग प्यार से ‘पतासी वाली मां’ कहते हैं, ने सभी का ध्यान अपनी बातों से खींच लिया। उनका कहना है कि
“मुख्यमंत्री मेरे भाई हैं, वह मेरे गांव के हैं। जब भजनलाल शर्मा पहली बार विधायक का चुनाव लड़ने आए थे, तब मेरे भाई सुरेश ने उनके बारे में बताया था। मैंने खुद कॉलोनी में उनका सम्मान किया, आशीर्वाद दिया और वोट भी दिलाए। तब उनसे कहा था — मैं पतासी का ठेला लगाती हूं, मेरा ठेला मत हटवाना। आज तक मेरा ठेला नहीं गया। अब अगर लोग कहते हैं कि मेरा मकान टूटेगा तो मैं कहती हूं — जब मेरा ठेला नहीं हटाया, तो मेरा मकान कैसे टूटने देगा।”
बुजुर्ग महिला का यह विश्वास और स्नेह भरा भरोसा आज पूरे सांगानेर क्षेत्र की भावना को दर्शाता है। इलाके की करीब दो लाख से अधिक आबादी को भी यही उम्मीद है कि उनके विधायक और अब मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा उनके साथ न्याय करेंगे।
लोगों का मानना है कि यदि मुख्यमंत्री जनता के इस भरोसे पर खरे उतरे, तो संभव है कि कोर्ट के आदेशों पर पुनर्विचार हो और सांगानेर की ये कॉलोनियां बच सकें।
- Advertisement -
















































