लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा भाजपा का ‘सेवा संकल्प अभियान—जन सेवा ही प्रभु सेवा’
जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी 17 सितंबर से प्रदेशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान—जन सेवा ही प्रभु सेवा’ शुरू करेगी। अभियान की तैयारियों को लेकर शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें अभियान की रूपरेखा, कार्यक्रमों और संगठनात्मक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि देश को ऐसा नेतृत्व मिला है, जो गरीब, युवा, महिला और किसान के उत्थान के साथ भारत का गौरव विश्व पटल पर बढ़ाने के लिए कार्य कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजनीति को सेवा का माध्यम मानकर काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि 2014 के बाद भारत में व्यापक परिवर्तन देखने को मिला है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विकास और जनकल्याण की इस यात्रा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता है।
‘पीएम मोदी के 25 वर्षों की यात्रा जनता तक पहुंचाना जिम्मेदारी’
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन के दौरान कई ऐतिहासिक कार्य किए हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से शुरू होने वाला यह अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान के दौरान भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं, उपलब्धियों और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की यात्रा को जनता के बीच ले जाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना के साथ कार्य करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक एवं सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की यात्रा तथा राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण की गाथा जनता तक पहुंचाना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।
मदन राठौड़ बोले—विषम परिस्थितियों में भी बढ़ाया भारत का गौरव
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 17 सितंबर से प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवाकाल को आमजन तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विषम परिस्थितियों में भी भारत का गौरव बढ़ाया है। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने औद्योगिक विकास को नई ऊंचाइयां दीं और प्रधानमंत्री के रूप में विश्व पटल पर भारत का मान-सम्मान बढ़ाया।
राठौड़ ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उल्लेखनीय कार्यों को अभियान के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का जीवन नई पीढ़ी को राष्ट्रसेवा, राष्ट्रीय चरित्र और समर्पण की प्रेरणा देता है।
13 प्रकल्पों के जरिए चलेगा अभियान
अभियान की क्षेत्रीय प्रभारी, राष्ट्रीय मंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. कविता पाटीदार ने कार्यशाला में अभियान की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में कुल 13 प्रकल्पों के माध्यम से कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इनमें—
- ‘आशीर्वाद का दीया’
- ‘सपनों का भारत—सेवा चित्र’
- ‘नमो सेवा गाथा—सेवा स्मरण’
- ‘आंगन का उत्सव’
- ‘कहानी बदलाव की’
- ‘सेवा ज्योति यात्रा’
- ‘वडनगर से वाराणसी सेवा यात्रा’
- ‘सेवा मेरा योगदान’
- ‘सेवा सेतु अभियान’
- ‘सेवा के रंग—राष्ट्र के संग’
- ‘जन सेवा महाकुंभ’
- ‘रक्तदान महादान’
- ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’
शामिल हैं। इन कार्यक्रमों को प्रदेश से लेकर जिला, मंडल और बूथ स्तर तक आयोजित किया जाएगा।
17 सितंबर को घर-घर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’
डॉ. पाटीदार ने बताया कि अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। शाम 7 बजे प्रत्येक घर, विशेष रूप से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों के घरों में दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
इसके अलावा 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक प्रदेश के विद्यालयों में चित्रकारी और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत नुक्कड़ नाटक होंगे, जबकि ‘आंगन का उत्सव’ के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम और अभिनंदन समारोह आयोजित किए जाएंगे।
‘कहानी बदलाव की’ अभियान में देश में हुए सकारात्मक बदलावों और जनकल्याणकारी कार्यों को सार्वजनिक मंचों के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।
वडनगर से वाराणसी तक सेवा यात्रा
‘वडनगर से वाराणसी सेवा यात्रा’ के तहत पवित्र नदियों के जल से हाटकेश्वर महादेव और काशी विश्वनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा। अन्य प्रकल्पों के माध्यम से भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के जनहितकारी एवं सेवा कार्यों को जनता तक पहुंचाया जाएगा।
बूथ स्तर तक बनाई जाएंगी टोलियां
भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के विकास और सेवा कार्यों की गाथा को प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक टोलियां बनाकर जन-जन तक पहुंचाना होगा।
उन्होंने बताया कि विभिन्न अभियानों के लिए सरकार के मंत्रियों, भाजपा संगठन के पदाधिकारियों और संबंधित जिलों के सदस्यों को संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, दिया कुमारी सहित कई मंत्रियों एवं भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों को अलग-अलग अभियानों की जिम्मेदारियां दी गई हैं।
कार्यशाला में मध्यप्रदेश के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद वी.डी. शर्मा, जो ‘वडनगर से वाराणसी सेवा यात्रा’ के राष्ट्रीय प्रभारी हैं, तथा उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा मंच पर मौजूद रहे।
कार्यशाला का संचालन भाजपा महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने किया। अभियान के प्रदेश संयोजक एवं भाजपा महामंत्री कैलाश मेघवाल ने प्रस्तावना रखी, जबकि महामंत्री डॉ. मिथिलेश गौतम ने धन्यवाद ज्ञापित किया।