लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (दुर्योधन मयंक)। उनियारा-गुलाबपुरा नेशनल हाईवे 148D स्थित पलाई टोल प्लाजा पर देर रात अज्ञात बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाते हुए तोड़फोड़ की। इस दौरान टोल कर्मचारी बाल-बाल बच गए और जान बचाकर मौके से भागने को मजबूर हो गए।
टोल कर्मचारियों के अनुसार घटना रात करीब 12 बजे की है, जब तीन गाड़ियां टोल प्लाजा की लेन नंबर 2 पर आकर रुकीं। गाड़ियों से उतरे युवकों ने बिना किसी बातचीत या विवाद के सीधे टोल बूथों पर हमला बोल दिया और तोड़फोड़ शुरू कर दी।
हमलावरों ने टोल प्लाजा के उपकरणों और संरचना को काफी नुकसान पहुंचाया। टोल अकाउंटेंट राजकुमार ने बताया कि शुरुआती अनुमान के अनुसार करीब 4 से 5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। कई बूथ और प्लाजा का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद टोल प्रबंधन की ओर से उनियारा थाने में मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।