लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर (रूपनारायण सांवरिया)। राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) देश के गरीब और कमजोर वर्गों के लिए सामाजिक सुरक्षा का महत्वपूर्ण आधार बन चुका है। उन्होंने बताया कि राजस्थान इस योजना के क्रियान्वयन में प्रभावी भागीदारी निभा रहा है।
मदन राठौड़ ने जानकारी दी कि जनवरी 2026 तक देशभर में एनएसएपी के तहत करीब 3.09 करोड़ बीपीएल लाभार्थियों को सहायता दी जा रही है। राजस्थान में भी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिल रहा है।
राज्य में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के अंतर्गत 8,23,972, विधवा पेंशन योजना में 3,15,048, दिव्यांग पेंशन योजना में 30,513, राष्ट्रीय परिवार लाभ योजना में 12,347 तथा अन्नपूर्णा योजना में 47,500 लाभार्थी शामिल हैं। यह जानकारी केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने राज्यसभा में दी।
करोड़ों रुपये की वित्तीय सहायता
राठौड़ ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में राजस्थान को इस कार्यक्रम के तहत 608.67 करोड़ रुपये जारी किए गए, जबकि 2025-26 में 31 जनवरी 2026 तक 148.93 करोड़ रुपये जारी हो चुके हैं। लाभार्थियों की पहचान ग्राम पंचायतों और नगर निकायों द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार की जाती है, जिससे पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित हो सके।
जरूरतमंदों के लिए सहारा
उन्होंने कहा कि मूल्यांकन से यह सामने आया है कि लाभार्थी पेंशन राशि का उपयोग मुख्यतः भोजन और स्वास्थ्य जैसी आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में कर रहे हैं।
मदन राठौड़ ने कहा कि यह योजना न केवल सामाजिक सुरक्षा प्रदान करती है, बल्कि गरीबी उन्मूलन, असमानता में कमी और खाद्य सुरक्षा जैसे सतत विकास लक्ष्यों को भी मजबूती देती है। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि भविष्य में योजना को और प्रभावी बनाने के लिए सहायता राशि में वृद्धि, समय पर भुगतान और निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया जाए।
