लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)। उपखंड क्षेत्र के पलाई पंचायत मुख्यालय स्थित राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के नए भवन निर्माण के लिए राज्य सरकार ने 1 करोड़ 40 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की है। राशि स्वीकृत होने पर क्षेत्र के ग्रामीणों ने खुशी जाहिर की है।
ग्राम पंचायत पलाई द्वारा पूर्व में नेशनल हाईवे बाईपास के पास, पुलिस चौकी के निकट पीएचसी भवन निर्माण हेतु भूमि आवंटित की जा चुकी है। अब बजट स्वीकृति के साथ ही भवन निर्माण की प्रक्रिया को गति मिलेगी।
पलाई पटवारी अपूर्व माथुर ने बताया कि तहसीलदार उनियारा के आदेश क्रमांक भू.अ./165 दिनांक 07-01-2026 की पालना में राजस्व रिकॉर्ड के साथ कब्जा सुपुर्दगी एवं सीमाज्ञान की कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंचा गया। इस दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पलाई के प्रतिनिधि विक्रम सिंह, ब्लॉक स्वास्थ्य अधिकारी रामहंस गुर्जर, तथा अधिकृत संवेदक उपस्थित रहे।
मौके पर मुप्तकिल बिंदुओं से फीता चलाकर सीमाचिन्ह स्थापित किए गए और संबंधित अधिकारियों को जानकारी दी गई। हालांकि आवंटित भूमि के एक हिस्से पर पड़ोसी खातेदार द्वारा चना व गेहूं की फसल बोए जाने के कारण सीमाज्ञान कर कब्जा सुपुर्दगी की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी।
इस संबंध में संबंधित खातेदार एवं विभाग के बीच फसल कटाई के पश्चात सीमाज्ञान करने पर सहमति बनी है। फसल कटाई के बाद सीमाज्ञान कर भूमि का विधिवत कब्जा सौंपा जाएगा।
पीएचसी के अधिकृत संवेदक ने बताया कि भूमि का सीमाज्ञान और कब्जा सुपुर्द होने के बाद जेसीबी मशीन की सहायता से बाउंड्री वॉल की नींव खोदकर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। बाउंड्री वॉल निर्माण पूर्ण होने के पश्चात पीएचसी भवन का निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।










































