Home accident पक्का मकान गिरा , मलबे में दबने से पिता की मौत, मासूम...

पक्का मकान गिरा , मलबे में दबने से पिता की मौत, मासूम बेटी गंभीर

0
लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
धौलपुर: तड़के भरभरा कर ढहा पक्का मकान
​सैपऊ (धौलपुर)। उपखंड के पढाका गांव में सोमवार तड़के एक हृदयविदारक हादसा हो गया। यहाँ एक पक्का मकान अचानक ढह जाने से मलबे में दबकर 30 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसकी 12 वर्षीय पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गई है। घायल बच्ची को नाजुक हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
नींद में ही काल बन कर गिरी छत
​मिली जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार तड़के करीब 4 बजे हुआ। गांव निवासी देवी सिंह (30) पुत्र लाखन सिंह अपनी पुत्री किरन (12) के साथ घर में सो रहा था। इसी दौरान मकान के पीछे की दीवार अचानक धंस गई, जिससे छत की पट्टियां टूटकर सीधे पिता-पुत्री पर आ गिरीं। मलबे के नीचे दबने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और चीख-पुकार मच गई।
ग्रामीणों और पुलिस ने किया रेस्क्यू
​धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रवेंद्र कुमार रावत पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से मलबे को हटाकर पिता-पुत्री को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक देवी सिंह दम तोड़ चुका था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सैंपऊ राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया है।
बेटी की हालत नाजुक, जांच जारी
​हादसे में घायल किरन को तत्काल सैंपऊ अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। अचानक हुए इस हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मकान गिरने के तकनीकी कारणों की जांच कर रही है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version