लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पादूकलां।
कस्बे और आसपास के ग्रामीण इलाकों में इन दिनों कड़ाके की सर्दी ने जनजीवन पर असर डालना शुरू कर दिया है। सुबह हल्का कोहरा छाया रहा और शाम होते ही ठंडी हवा के चलते तापमान में और गिरावट महसूस की गई। दिन में हल्की धूप राहत देती है, लेकिन सूर्यास्त के बाद ठंड तेजी से बढ़ जाती है।
गलियों और चौपालों पर युवा, महिलाएं और बुजुर्ग अलाव का सहारा लेते नजर आए। टू-व्हीलर चालकों ने भी गर्म कपड़ों से खुद को ढककर सफर किया। तापमान में गिरावट से शीतलहर जैसी स्थिति बन गई है।
सुबह के समय कोरा (ओस) गिरने से किसानों के चेहरे खिल उठे। उनका कहना है कि तारा, सरसों, गेहूं और चने की फसलों के लिए यह मौसम बेहद लाभदायक है।
अजमेर–बीकानेर नेशनल हाईवे पर भी कोहरे का असर दिखाई दिया, जिसके चलते वाहन चालकों को हेडलाइट की रोशनी में सावधानी से चलना पड़ा। बढ़ती सर्दी के साथ कस्बे में गर्म कपड़ों और अलाव की मांग भी बढ़ गई है।