Home crime ऑपरेशन संकल्प के तहत बड़ी कार्रवाई, 75 किलो डोडा पोस्त, पिस्टल व...

ऑपरेशन संकल्प के तहत बड़ी कार्रवाई, 75 किलो डोडा पोस्त, पिस्टल व कारतूस बरामद

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

 

नागौर/कुचेरा | (प्रदीप कुमार डागा) जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन संकल्प नशा मुक्त नागौर’ अभियान के तहत पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा के निर्देशन में कुचेरा थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ और हथियारों की बड़ी खेप बरामद की है।

जानकारी के अनुसार, सरहद ढाढरिया कलां से खजवाना मार्ग पर गश्त के दौरान पुलिस को एक बिना नंबर की महिंद्रा स्कॉर्पियो-एन संदिग्ध अवस्था में खड़ी मिली। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से करीब 75.02 किलोग्राम डोडा पोस्त चूरा बरामद हुआ, जिसकी बाजार कीमत लगभग 11.25 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस ने बताया कि वाहन की पिछली सीटें हटाकर पांच कट्टों में यह नशे का सामान छिपाया गया था। साथ ही वाहन के अंदर छिलका बिखरा हुआ मिला। तलाशी के दौरान एक देशी पिस्टल और चार जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए।

जांच में यह भी सामने आया कि वाहन में अलग-अलग नंबरों की कुल सात नंबर प्लेटें रखी हुई थीं, जिससे तस्करों द्वारा पहचान छिपाने का प्रयास किए जाने की आशंका जताई जा रही है। मौके से चालक और उसका सहयोगी फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस ने वाहन, मादक पदार्थ और हथियार जब्त कर प्रकरण संख्या 52/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सदर नागौर थाना प्रभारी सुरेश कुमार को सौंपी गई है।

थानाधिकारी हबीब खान ने बताया कि गश्त और सतर्कता के चलते यह बड़ी सफलता मिली है। वहीं एसपी रोशन मीणा ने कहा कि जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version