लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
— पुलिस ने 7.5 लाख रुपए की ठगी का किया खुलासा
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)। उनियारा पुलिस ने ऑनलाइन साइबर ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर 7 लाख 50 हजार रुपए की ठगी का मामला उजागर किया है।
जानकारी के अनुसार, बढ़ती साइबर ठगी की शिकायतों के मद्देनजर उच्चाधिकारियों के निर्देश पर उपाधीक्षक आकांक्षा कुमारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने उनियारा थाना के एएसआई रतनलाल मीणा के साथ मिलकर जांच की।
पुलिस ने बताया कि आरोपी राहुल मीणा पुत्र रामजीलाल मीणा, निवासी कुंडिया (हाल निवासी शिव सज्जन कॉलोनी, सवाईमाधोपुर रोड, उनियारा) ने टेलीग्राम चैनल बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से लोगों को यह झांसा दिया कि वे अपने पैसे कई गुना मुनाफा के साथ वापस पा सकते हैं।
आरोपी पैसे की ठगी अपने दोस्तों और परिचितों के बैंक खातों में कमीशन के आधार पर करवा रहा था। उसके कब्जे से पुलिस ने 2 एंड्रॉयड फोन, 1 बैंक पासबुक, 1 चेक बुक, 2 एटीएम कार्ड और 1 मोटरसाइकिल जप्त की है।
एएसआई रतनलाल मीणा ने बताया कि अब तक जांच में 7 लाख 50 हजार रुपए की साइबर ठगी सामने आई है। साथ ही आरोपी के फर्जी खाते और फर्जी सिमकार्ड उपलब्ध कराने वाले अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें:
-
बजाज नगर जयपुर थाना – 2 मामले
-
उनियारा थाना – 2 मामले
-
बूंदी जिले के करवर थाना – 1 मामला
-
अलीगढ़ पुलिस थाना – 1 मामला
आरोपी के विरुद्ध वर्तमान में भी विभिन्न थानों में प्रकरण दर्ज कर गहन जांच शुरू कर दी गई है।
