लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
डग (झालावाड़)। झालावाड़ जिले के डग थाना क्षेत्र के तिसाई गांव में विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले की जांच अब वैज्ञानिक स्तर पर तेज कर दी गई है। मामले की तह तक पहुंचने के लिए कोटा एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की विशेषज्ञ टीम ने घटनास्थल और कुएं का सूक्ष्म निरीक्षण किया।
एफएसएल टीम ने घटनास्थल पर डमी की सहायता से क्राइम सीन रीक्रिएशन कर पूरे घटनाक्रम को दोहराया। इस दौरान वैज्ञानिक एवं भौतिक साक्ष्य एकत्रित कर उन्हें परीक्षण के लिए सुरक्षित किया गया।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच केस ऑफिसर स्कीम के तहत डीएसपी हेमंत गौतम की निगरानी में की जा रही है। इससे पहले 20 जुलाई को झालावाड़ एफएसएल की टीम भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटा चुकी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वैज्ञानिक जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट से मामले के वास्तविक घटनाक्रम का पता लगाने में महत्वपूर्ण मदद मिलने की उम्मीद है। जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।