Home accident ऑडी कार से 17 लोगों को कुचलने का आरोपी दिनेश रणवा...

ऑडी कार से 17 लोगों को कुचलने का आरोपी दिनेश रणवा गिरफ्तार

0
लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
ऑडी कार का मालिक दिनेश रणवा गिरफ्तार
जयपुर। राजधानी जयपुर के मानसरोवर स्थित खरबास सर्कल पर रविवार देर रात हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। नशे में धुत ऑडी कार चालक ने 120 से 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सड़क पर रेस लगाई और नियंत्रण खो बैठा। बेकाबू कार सड़क किनारे लगे फूड स्टॉल्स पर चढ़ गई, जहां खाना खा रहे 17-18 लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने हादसे के मुख्य आरोपी कार मालिक दिनेश रणवा को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पहले ही तीन अन्य आरोपियों को पकड़ा जा चुका है, जिनमें एक पुलिस कांस्टेबल भी शामिल बताया जा रहा है, जो कार में सवार था।j
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार ऑडी कार आगे जाकर एक पोल से टकराकर रुकी। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और घायलों को निजी वाहनों व 108 एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना के समय अधिकांश पीड़ित रोजमर्रा की मेहनत के बाद खाना खा रहे थे। कोई परीक्षा की तैयारी कर रहा था, कोई मजदूरी करके पेट भरने आया था, तो कोई पढ़ाई के बीच यहां रुका था। एक पल में आई तेज रफ्तार कार ने कई जिंदगियों को तबाह कर दिया।
हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने कार चालक को पकड़कर जमकर पिटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक किसी अन्य वाहन से रेस लगा रहा था। इसी दौरान कार अनबैलेंस हुई और फूड स्टॉल्स पर खड़े लोगों पर चढ़ गई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। चालक का मेडिकल परीक्षण कराया गया है, जिससे नशे की पुष्टि की जा सके। यह हादसा एक बार फिर साबित करता है कि तेज रफ्तार और लापरवाही सिर्फ कानून का उल्लंघन नहीं, बल्कि बेगुनाहों की जान लेने वाला अपराध है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version