लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा में नालसा मेगा विधिक सेवा शिविर, वंचितों को मौके पर मिला योजनाओं का लाभ
उनियारा (दुर्योधन मयंक)। उनियारा न्यायालय परिसर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टोंक द्वारा नालसा मेगा विधिक सेवा शिविर एवं लोक कल्याणकारी शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टोंक (अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश) दिनेश कुमार जलुथरिया ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं नालसा थीम सॉन्ग के साथ की।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में दिनेश कुमार जलुथरिया ने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 39(ए) की भावना के अनुरूप प्रत्येक नागरिक, विशेषकर महिलाएं, बच्चे और वंचित वर्ग, समान रूप से न्याय पाने के अधिकारी हैं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) की स्थापना इसी उद्देश्य से की गई है, ताकि कोई भी व्यक्ति आर्थिक या सामाजिक कमजोरी के कारण न्याय से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं जानकारी के अभाव में पात्र व्यक्तियों तक नहीं पहुंच पातीं। इस मेगा शिविर का उद्देश्य विधिक जागरूकता प्रदान करते हुए विभिन्न विभागों के समन्वय से योजनाओं का लाभ मौके पर उपलब्ध कराना है। शिविर में निःशुल्क विधिक सहायता, मध्यस्थता 2.0 अभियान, नालसा हेल्पलाइन 15100, साइबर अपराध से बचाव, स्थायी लोक अदालत की कार्यप्रणाली एवं पीड़ित प्रतिकर योजना की जानकारी दी गई। आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत (14 मार्च 2026) के संबंध में भी आमजन को प्रेरित किया गया।
न्याय और सेवा का अद्भुत संगम
वर्षों बाद उनियारा क्षेत्र में आयोजित इस व्यापक शिविर को न्याय और सेवा के संगम के रूप में देखा गया। आयोजन उपखंड प्रशासन, तालुका विधिक सेवा समिति, नगरपालिका उनियारा एवं विभिन्न विभागों के सहयोग से संपन्न हुआ।

पात्र व्यक्तियों को मिला योजनाओं का लाभ
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा मौके पर ही लाभ वितरित किए गए—
-
राजीविका के माध्यम से ₹28.08 लाख के चेक
-
समाज कल्याण विभाग द्वारा वैशाखी एवं ट्राइसाइकिल वितरण
-
तहसील विभाग द्वारा स्वामित्व योजना व अन्य राजस्व संबंधी लाभ
-
पंचायत समिति द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के पट्टे
-
कृषि विभाग द्वारा पीएम किसान, गोवर्धन जैविक योजना एवं मल्टीपल थ्रेसर सहित अन्य योजनाओं का वितरण
विकास अधिकारी शंकरलाल ने विधिक सेवा संस्थानों की पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के अंत में दिनेश कुमार जलुथरिया ने उपखंड अधिकारी पूजा मीणा, नगरपालिका अधिशासी अधिकारी कान्हाराम मीणा, तहसीलदार पूजा मीणा, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं आमजन का आभार व्यक्त किया। मंच संचालन रविशंकर शर्मा ने किया।
शिविर में डॉ. सुरभि सिंह (अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट), थानाधिकारी कप्तान सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
















































