लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जोधपुर | बृजकिशोर पारीक
जोधपुर में “घर-घर श्याम, हर घर श्याम” अभियान के तहत निशुल्क खाटू श्याम बाबा की मूर्तियां वितरण करने के लिए श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी उत्साह के चलते 500 मूर्तियों की बुकिंग पूरी हो चुकी है।
यह आयोजन श्याम भक्ति सेवा संस्थान द्वारा संस्था अध्यक्ष मोनिका प्रजापत की देखरेख में किया जा रहा है। कार्यक्रम गीता भवन में आयोजित होगा, जहां विधि-विधान से प्राण प्रतिष्ठा के बाद 19 मार्च 2026 को श्रद्धालुओं को श्याम बाबा की मूर्तियां निशुल्क सौंपी जाएंगी।
आयोजन समिति का गठन
भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए एक आयोजन समिति का गठन किया गया है, जिसमें समाजसेवी ईश्वर सिंह उदावत को अध्यक्ष बनाया गया है। इसके साथ ही अलग-अलग व्यवस्थाओं के लिए आठ कमेटियों का गठन किया गया है।
संस्थान के कार्यवाहक सचिव हेमंत लालवानी ने बताया कि गीता भवन के सचिव राजेश लोढ़ा के विशेष सहयोग से आयोजन को भव्य बनाने की तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही हैं। आयोजन समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता लगातार व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं।
विधि-विधान से होगी प्राण प्रतिष्ठा
मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा का धार्मिक अनुष्ठान शास्त्री पंडित मोहित दाधीच के नेतृत्व में पंडितों की टीम द्वारा विधि-विधान से संपन्न कराया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
मूर्तिकार बनाएंगे 500 मूर्तियां
संस्थान अध्यक्ष मोनिका प्रजापत ने बताया कि प्रसिद्ध मूर्तिकार जयशंकर बावरी, जो पहले 100 श्याम बाबा की मूर्तियां बना चुके हैं, इस बार एक साथ 500 मूर्तियों का निर्माण कर रहे हैं। इन मूर्तियों की अग्रिम बुकिंग 1 से 5 मार्च तक व्हाट्सएप के माध्यम से की गई थी।
मार्गदर्शन मंडल की भूमिका
संस्थान के मार्गदर्शन मंडल में महामंडलेश्वर सोमेश्वर गिरी महाराज, सैनाचार्य अचलानंद गिरी महाराज, रामस्नेही संत रामप्रसाद महाराज, साध्वी प्रीति प्रियंवदा तथा डॉ. जया दवे शामिल हैं, जो संस्थान के विभिन्न धार्मिक आयोजनों में मार्गदर्शन प्रदान करते हैं।
हिंदू नववर्ष पर होगा वितरण
उल्लेखनीय है कि हिंदू नववर्ष के पावन अवसर पर 19 मार्च 2026 को प्राण प्रतिष्ठा के बाद मूर्तियों का वितरण किया जाएगा।
संस्थान द्वारा चलाया जा रहा “घर-घर श्याम, हर घर श्याम” अभियान एक वर्ष पूरा कर चुका है। इससे पहले संस्थान 100 मंदिरों में श्याम बाबा की मूर्तियां स्थापित कर नियमित पूजा-अर्चना शुरू करवा चुका है। अब इसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए 500 मूर्तियां घर-घर पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि श्याम भक्ति की अलख हर घर में प्रज्वलित हो सके।