लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रिपोर्टर – संजीव बंसल
कठूमर (अलवर) : विधानसभा क्षेत्र कठूमर में निर्वाचन कार्य के प्रति लापरवाही बरतना पांच बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को भारी पड़ गया है। निर्वाचन कार्य में धीमी प्रगति और निर्देशों की अवहेलना को देखते हुए निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (उपखण्ड अधिकारी), कठूमर ने इन सभी बीएलओ को नोटिस जारी किए हैं।
भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राजस्थान द्वारा मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 के कार्यक्रम के तहत विधानसभा क्षेत्र कठूमर-069 में नियुक्त सभी बीएलओ को मतदाताओं के गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण और डिजिटाईजेशन का कार्य सौंपा गया है।
14 नवंबर 2025 को सुबह 8 बजे जारी प्रगति रिपोर्ट के आधार पर बीएलओ के कार्यों की समीक्षा की गई, जिसमें भाग संख्या 75 के वीर विश्वेन्द्र सिंह, 123 के दिनेश, 148 के चन्द्रप्रकाश, 218 के मनोज कुमार गर्ग और 229 के ओमप्रकाश सैनी की प्रगति बेहद न्यून पाई गई। यह स्थिति निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे महत्वपूर्ण अभियान के प्रति उदासीनता और उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना को दर्शाती है।
इसी के चलते इन बीएलओ को नोटिस जारी किए गए हैं। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि समय पर कार्य में प्रगति नहीं की गई तो इनके खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 व 1951 तथा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण नियम 1960 के तहत कार्रवाई की जाएगी।















































