लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
व्यस्त जीवनशैली में नियमित जांच बेहद जरूरी: जोन चेयरपर्सन चंद्रा रांका
महावीर इंटरनेशनल संकल्प व सिम्स हॉस्पिटल की टीम का रहा विशेष सहयोग
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)।
महावीर इंटरनेशनल संकल्प केंद्र, सिम्स हॉस्पिटल और जोन चेयरपर्सन चंद्रा रांका के सानिध्य में रविवार को निःशुल्क बीपी व शुगर जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में पहुंचे लोगों की चिकित्सकीय जांच कर उन्हें स्वास्थ्य संबंधी उपयोगी परामर्श दिया गया।
डॉक्टर्स और पैरामेडिकल टीम ने लाभार्थियों के बीपी और शुगर स्तर की जांच की। कुछ लोगों में इन दोनों मापदंडों की अनियमितता पाई गई, जिन्हें समय पर उपचार शुरू करने और जीवनशैली में सुधार लाने की सलाह दी गई।
“नियमित स्वास्थ्य परीक्षण आज की जरूरत”—चंद्रा रांका
अपने उद्बोधन में चंद्रा रांका ने कहा कि आज की व्यस्त जीवनशैली में लोग स्वास्थ्य को नज़रअंदाज़ कर देते हैं, जबकि हाई बीपी और डायबिटीज साइलेंट किलर की तरह काम करते हैं। उन्होंने कहा कि संस्था समय-समय पर ऐसे शिविरों के माध्यम से आमजन में जागरूकता फैलाती रहेगी।
आगे भी जारी रहेंगे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर
महावीर इंटरनेशनल संकल्प केंद्र की अध्यक्षा उमा दुगड़ ने बताया कि भविष्य में भी विभिन्न रोगों की जांच एवं परामर्श के लिए इस तरह के निःशुल्क शिविर आयोजित किए जाएंगे।
शिविर में सहयोग करने वाले
शिविर को सफल बनाने में केंद्र की सचिव पिंकी आंचलिया, कोषाध्यक्ष समता चौधरी, सुधा कांठेड़, मधु चौधरी, पायल देवड़ा सहित कार्यकारिणी सदस्यों और सिम्स हॉस्पिटल की पूरी टीम का विशेष सहयोग रहा।
