लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
परिजनों को 50 लाख की सहायता व नौकरी की मांग
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक) । बीएलओ मुकेश जांगिड़ आत्महत्या प्रकरण को लेकर सोमवार को जांगिड़ समाज के प्रतिनिधियों ने उपखंड अधिकारी पूजा मीणा को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। समाज ने ज्ञापन में मृतक के परिजनों को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, और दोषी अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अनैतिक दबाव और प्रताड़ना का आरोप
ज्ञापन में समाज ने आरोप लगाया कि झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 175 पर नियुक्त शिक्षक एवं बीएलओ मुकेश कुमार जांगिड़ पर सुपरवाइजर तथा उच्च अधिकारियों द्वारा अनैतिक दबाव डाला जा रहा था। मानसिक रूप से परेशान होने के कारण उन्होंने 16 नवंबर को सुसाइड नोट लिखकर रेल के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली थी।
समाज ने कहा कि इस घटना से पूरे जांगिड़ समाज में गहरा रोष है।
जांगिड़ समाज की मांगें
-
मृतक परिजनों को 50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता
-
परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी
-
दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई
-
पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की त्वरित पहल
समाज की मौजूदगी
ज्ञापन सौंपने पहुंचे प्रतिनिधियों में जांगिड़ समाज के पूर्व जिला महामंत्री रमेश जांगिड़, जिला कार्यकारी अध्यक्ष नेहनूलाल जांगिड़ ढिकोलिया, तहसील अध्यक्ष राधेश्याम जांगिड़ भीमगंज, मंदिर अध्यक्ष रमेश जांगिड़, पूर्व तहसील अध्यक्ष नारायण जांगिड़ बालीथल, जिला उपाध्यक्ष राकेश जांगिड़, रामदयाल जांगिड़ ककोड, रामअवतार जांगिड़ गाडोली, कैलाश जांगिड़ उनियारा, उमेश जांगिड़ बनेठा, रवि जांगिड़, धनराज जांगिड़ भीमगंज, मुकुट बिहारी जांगिड़ बालीथल, पप्पू जांगिड़ सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
