लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
5 सीट बेल्ट चालान, 12 वाहनों से हटाई अवैध ब्लैक फिल्म, बिना हेलमेट चालकों को दी सख्त चेतावनी
पादूकलां (नागौर)। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से पादूकलां पुलिस ने अजमेर-बीकानेर राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर विशेष नाकाबंदी अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कई वाहनों की जांच की गई।
पुलिस ने सीट बेल्ट नहीं लगाने वाले 5 चारपहिया वाहन चालकों के चालान बनाए। वहीं 12 वाहनों पर लगी अवैध ब्लैक फिल्म हटवाई गई। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे चालकों के चालान काटने के साथ उन्हें यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए हेलमेट पहनने की समझाइश भी दी गई।
इसके अलावा वाहनों पर लगाए गए अतिरिक्त बंपर हटवाए गए तथा निर्धारित संख्या से अधिक सवारी बैठाकर वाहन चला रहे चालकों को चेतावनी देकर भविष्य में नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए। 
थानाधिकारी ने की अपील
पादूकलां थानाधिकारी राजेश कुमार ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
उन्होंने कहा, “दोपहिया वाहन चालक हमेशा हेलमेट पहनकर और चारपहिया वाहन चालक सीट बेल्ट लगाकर ही वाहन चलाएं। यातायात नियमों की पालना से ही सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है और अनमोल जीवन सुरक्षित रह सकता है।”
पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह नियमित रूप से विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई जारी रहेगी।