लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
चौमहला ,झालावाड़ (सुनील निगम)। क्षेत्र में “हर आंख प्रकाश” संकल्प के तहत नेत्रदान के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में चौमहला नगर निवासी रमेश चंद्र डबकर (71 वर्ष) ने स्वेच्छा से मरणोपरांत नेत्रदान का संकल्प लिया।
यह संकल्प शाइन इंडिया फाउंडेशन के नेत्र ज्योति मित्र अमित अग्रवाल तथा व्यापार महासंघ संयोजक एवं जिलाध्यक्ष दिलीप जैन की उपस्थिति में भरवाया गया।
नेत्रदान का संकल्प लेने वाले रमेश चंद्र डबकर ने कहा कि नेत्रदान एक नेक और पुण्य कार्य है। यदि मृत्यु के बाद भी किसी जरूरतमंद को रोशनी मिल सके तो इससे बड़ी मानव सेवा कोई नहीं हो सकती। उन्होंने इस अभियान को आगे बढ़ाने के लिए फाउंडेशन के सहयोगियों का आभार भी जताया।
इस अवसर पर फाउंडेशन की ओर से उन्हें संकल्प पत्र और नेत्रदान से संबंधित जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान उनके पुत्र कमल डबकर भी उपस्थित रहे।
नेत्र ज्योति मित्र अमित अग्रवाल ने बताया कि शाइन इंडिया आई फाउंडेशन के संस्थापक डॉ. कुलवंत गौड़ के प्रयासों से प्रदेश में हजारों नेत्रदान हो चुके हैं, जिससे अनेक लोगों को नई रोशनी मिली है। उन्होंने बताया कि समाजसेवियों के सहयोग से आगे भी नेत्रदान और अंगदान के लिए जागरूकता अभियान लगातार चलाया जाएगा।













































