Home education NEET-UG 2026 पेपर लीक मामला: NTA समिति के सदस्य प्रोफेसर पुणे से...

NEET-UG 2026 पेपर लीक मामला: NTA समिति के सदस्य प्रोफेसर पुणे से गिरफ्तार

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

सीबीआई जांच में बड़ा खुलासा, गुप्त कक्षाओं में रटवाए गए प्रश्न और उत्तर

नई दिल्ली/पुणे। (नितिन मेहरा, वरिष्ठ संवाददाता राजस्थान) केंद्रीय जांच ब्यूरो को NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में बड़ी सफलता मिली है। जांच एजेंसी ने राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) की कोर कमेटी के सदस्य और केमिस्ट्री प्रोफेसर पी.वी. कुलकर्णी को पुणे से गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि प्रोफेसर कुलकर्णी प्रश्नपत्र तैयार करने वाली टीम का हिस्सा थे और उन्हें इस पूरे लीक कांड का मुख्य सूत्रधार माना जा रहा है।

गुप्त क्लास में रटवाए गए सवाल-जवाब

जांच एजेंसियों के अनुसार अप्रैल के अंतिम सप्ताह में पुणे में एक विशेष गुप्त क्लास आयोजित की गई थी। इस क्लास के आयोजन में मनीषा वाघमारे नाम की महिला ने कथित तौर पर बिचौलिये की भूमिका निभाई।

बताया जा रहा है कि इस क्लास में छात्रों को NEET-UG 2026 के प्रश्न, विकल्प और सही उत्तर पहले से रटवाए गए थे। छात्रों ने सवाल और जवाब अपनी कॉपियों में भी नोट किए थे, जिन्हें बाद में नष्ट कर दिया गया।

सीबीआई अब इस गुप्त क्लास में शामिल अन्य लोगों और अभ्यर्थियों की तलाश कर रही है।

महाराष्ट्र से राजस्थान तक फैला नेटवर्क

जांच में पेपर लीक का बड़ा नेटवर्क सामने आया है।

  • पेपर सबसे पहले पुणे से लीक हुआ
  • वहां से नासिक और फिर बीएएमएस छात्र शुभम खैरनार तक पहुंचा
  • बाद में यह यश यादव के जरिए राजस्थान के सीकर तक पहुंचा

जांच में सामने आया है कि सीकर निवासी मांगीलाल और उसके परिजनों तक भी यह पेपर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि पेपर को कुछ अभ्यर्थियों और परिचितों में बांटा गया।

फिजिक्स लेक्चरर की भी भूमिका

जांच एजेंसियों के अनुसार मूल रूप से लीक हुआ पेपर केमिस्ट्री विषय से जुड़ा था, लेकिन बाद में एक फिजिक्स लेक्चरर ने भी कथित रूप से इस नेटवर्क का फायदा उठाकर मामले को आगे बढ़ाया।

परीक्षा विवाद के बीच तीन छात्रों की मौत

पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने की चर्चाओं के बीच तीन छात्रों की आत्महत्या के मामले भी सामने आए हैं।

राजस्थान के झुंझुनूं निवासी प्रदीप माचरा ने सीकर में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। परिजनों के अनुसार वह पिछले तीन वर्षों से NEET की तैयारी कर रहा था और परीक्षा में अच्छे अंक आने की उम्मीद थी। परीक्षा विवाद के बाद वह मानसिक तनाव में था।

NTA की साख पर उठे सवाल

यह पहली बार माना जा रहा है कि प्रश्नपत्र तैयार करने वाली समिति से जुड़े किसी व्यक्ति को सीधे पेपर लीक मामले में गिरफ्तार किया गया है। इस खुलासे के बाद देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा की गोपनीयता और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

केंद्रीय जांच ब्यूरो अब तक इस मामले में सात आरोपियों को हिरासत में ले चुकी है और वित्तीय लेनदेन समेत अन्य सबूतों की जांच जारी है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version