लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
संतों को पीले चावल देकर दिया गया आमंत्रण
राजसमंद। (गौतम शर्मा) भावा गांव में श्री महर्षि वेद व्यास सनातन वैदिक शिक्षण सेवा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित होने वाले 15 दिवसीय वैदिक संस्कार शिविर की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आयोजन को लेकर संस्थान के पदाधिकारी और कार्यकर्ता क्षेत्र के विभिन्न आश्रमों एवं मंदिरों में पहुंचकर संत-महंतों को पीले चावल और निमंत्रण पत्र देकर शिविर में शामिल होने का आमंत्रण दे रहे हैं।
संत-महंतों को दिया निमंत्रण
संस्थान से जुड़े कार्यकर्ताओं ने बताया कि शिविर के लिए सीताराम दासजी त्यागी एवं संतदास त्यागी सहित कई संत-महंतों को आमंत्रित किया गया है।
महामंडलेश्वर सीताराम दास त्यागी ने कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों से समय का सदुपयोग करते हुए भावी पीढ़ी के चरित्र निर्माण में सहयोग करना आवश्यक है।
15 दिवसीय शिविर में कई राज्यों के बालक होंगे शामिल
संस्थान के ज्योतिष विभागाध्यक्ष भरत कुमार खंडेलवाल ने बताया कि 1 जून से भावा गांव में पंद्रह दिवसीय वैदिक संस्कार शिविर आयोजित किया जाएगा। यह शिविर भावा में लगातार पांचवें वर्ष आयोजित हो रहा है।
उन्होंने बताया कि शिविर में राजस्थान, गुजरात, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक और तेलंगाना सहित विभिन्न राज्यों के बालक भाग लेंगे।
वैदिक शिक्षा और संस्कारों पर रहेगा फोकस
शिविर के दौरान वैदिक शिक्षा, संस्कार, धार्मिक अध्ययन और चरित्र निर्माण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। संस्थान का उद्देश्य बच्चों में भारतीय संस्कृति और वैदिक परंपराओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
