लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
पादूकलां : कस्बा और आसपास के ग्रामीण अंचल में शारदीय नवरात्र महोत्सव भक्तिभाव और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। चारभुजा मंदिर और मां भवानी जगदंबे के दरबार में प्रतिदिन धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
महिला मंडल की ओर से माता रानी के भजनों पर गरबा नृत्य प्रस्तुत किया गया। महिलाओं और नन्हीं बालिकाओं ने राजस्थानी पारंपरिक वेशभूषा में एक से बढ़कर एक गरबा और लोकगीतों पर नृत्य कर भक्ति का वातावरण और प्रगाढ़ कर दिया। पूरे परिसर में “जय माता दी” के जयकारों से उत्सव की छटा देखने लायक थी।
सुबह बच्चों के लिए नींबू-चम्मच दौड़, गुब्बारा फोड़ और म्यूजिकल चेयर जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। आयोजन समिति ने बताया कि सभी प्रतियोगिताओं के परिणाम सुरक्षित रखे गए हैं।
गरबा नृत्य और प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागियों का सम्मान 29 सितंबर को आयोजित विशाल कवि सम्मेलन में किया जाएगा। चारभुजा मित्र मंडल के अनुसार, यह आयोजन श्रद्धा, साहित्य और संस्कृति का अद्भुत संगम बनेगा।