लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सर्द रातों में बढ़ी चौकसी :
गौतम शर्मा
राजसमन्द।
राजसमन्द। राजसमंद जिले के कुंवारिया थाना क्षेत्र में अपराध पर रोक लगाने और सुरक्षा को पुख्ता करने के उद्देश्य से नव नियुक्त सीआई रामचन्द्र कुमावत ने सर्द रातों में भी रात्रि गश्त तेज कर दी है। पुलिस टीम के साथ-साथ युवा पुलिस मित्रों को सक्रिय करते हुए पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के लिए कड़ा शिकंजा कस दिया गया है।
सीआई कुमावत ने देर रात कुंवारिया शहर, धनोली, साकरोदा, बिनोल, पिपली अहिरान सहित आसपास के गांवों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने युवा पुलिस मित्रों से मुलाकात कर उन्हें हमेशा सतर्क रहने और गांव में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
सीआई कुमावत ने कहा कि ग्रामीणों और युवाओं का सहयोग अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। समय रहते सूचना मिलने पर वारदातों को रोका जा सकता है और अपराधियों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई संभव होती है।
उन्होंने क्षेत्र के व्यापारियों को भी अपने प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरे हर समय चालू रखने की सलाह दी, ताकि किसी भी घटना की स्थिति में उपलब्ध फुटेज महत्वपूर्ण सबूत के रूप में मददगार साबित हो सके।
सर्द हवाओं के बीच ऊनी वस्त्रों में लिपटी पुलिस टीम लगातार रात्रि गश्त पर तैनात रही। गश्ती दल के साथ पर्याप्त पुलिस जाप्ता भी मौजूद रहा।
क्षेत्र में बढ़ी इस चौकसी से लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। लगातार गश्त का स्पष्ट संदेश है –
अब कोई ढिलाई नहीं… सुरक्षा सबसे पहले।


















































