लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जागरूकता, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और पुनर्वास पर समन्वित कार्ययोजना के निर्देश
गौतम शर्मा, राजसमंद
राजसमंद। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जिला स्तरीय समिति की बैठक बुधवार को जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव (अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश) भारत भूषण पाठक, एसपी ममता गुप्ता, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक दीपेन्द्र सिंह, आयुक्त बृजेश राय, सीएमएचओ डॉ हेमंत बिंदल, बाल कल्याण समिति अध्यक्ष कोमल पालीवाल, किशोर न्याय बोर्ड से भावना पालीवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
उप निदेशक दीपेन्द्र सिंह ने बताया कि जिला कलक्टर ने आगामी सावों के मद्देनजर बाल विवाह पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। सभी उपखंड अधिकारियों को बाल विवाह मामलों पर व्यक्तिगत निगरानी रखने तथा टेंट, केटरिंग सहित संबंधित व्यवसायियों से समन्वय स्थापित करने को कहा गया। साथ ही वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण से जुड़े लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में जिले में संचालित अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए विभिन्न विभागों को समन्वित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। स्कूल एवं कॉलेज परिसरों के 100 मीटर दायरे में सिगरेट एवं तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लागू कराने तथा नियमित निरीक्षण व प्रवर्तन कार्रवाई पर जोर दिया गया।
इसके अलावा पंचायत और शहरी क्षेत्रों में रैलियां, कार्यशालाएं और जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित कर व्यापक जन-जागरूकता फैलाने के निर्देश दिए गए। नशे से ग्रसित व्यक्तियों की पहचान कर उनके पुनर्वास के लिए स्वास्थ्य विभाग एवं संबंधित संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित करने पर भी बल दिया गया।
बैठक में विभागवार प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई तथा अध्यक्ष की अनुमति से अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही नवजीवन योजना की समीक्षा कर प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश प्रदान किए गए।


















































