लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अजमेर से बड़ी सौगात:
राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत
अजमेर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को अजमेर से राजस्थान को 16 हजार 686 करोड़ रुपये की लागत वाली 43 प्रमुख विकास परियोजनाओं की सौगात दी। कार्यक्रम में हरिभाऊ बागडे और भजनलाल शर्मा भी उपस्थित रहे।
इन परियोजनाओं में लगभग 8,554 करोड़ रुपये की 34 योजनाएं राज्य सरकार के विभिन्न विभागों से संबंधित हैं, जबकि करीब 8,132 करोड़ रुपये की 9 प्रमुख परियोजनाएं केंद्र सरकार के राष्ट्रीय राजमार्ग और ऊर्जा विभाग से जुड़ी हैं। प्रमुख विभागों में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, ऊर्जा, जल संसाधन, उद्योग, सार्वजनिक निर्माण, नगरीय विकास एवं आवासन और राष्ट्रीय राजमार्ग शामिल हैं।

राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ
प्रधानमंत्री ने कायड़ विश्रामस्थली स्थित टीकाकरण केंद्र से सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध राष्ट्रीय एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने 9 से 14 वर्ष आयु वर्ग की पांच बालिकाओं को टीका लगाए जाने के बाद उनसे संवाद भी किया।
सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाली एक गंभीर बीमारी है, जिसके लगभग 99 प्रतिशत मामलों का प्रमुख कारण एचपीवी संक्रमण माना जाता है। इस टीकाकरण के लिए यू-विन प्लेटफॉर्म पर अनिवार्य पंजीकरण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
प्रधानमंत्री ने 4,516 करोड़ रुपये से अधिक की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। प्रमुख परियोजनाएं:
-
लगभग 1,208 करोड़ रुपये की लागत से बांदीकुई से जयपुर तक 4-लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे
-
1,114 करोड़ रुपये की लागत से दिल्ली-वडोदरा एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे (पैकेज-14, एनएच-76 जंक्शन से एनएच-12 पर उम्मेदपुरा गांव तक 8-लेन कैरिजवे)
इसके अलावा:
-
103 करोड़ रुपये की लागत से एनएच-248ए पर शाहपुरा से थानागाजी तक टू-लेन सड़क
-
546 करोड़ रुपये की देवगढ़ से राजस्थान-गुजरात सीमा तक (चरण-1) सड़क निर्माण
-
190 करोड़ रुपये की लागत से एनएच-89 (नया एनएच-58) अजमेर-नागौर सेक्शन का अपग्रेडेशन
-
110 करोड़ रुपये की लागत से जैसलमेर सम-धनाना रोड का चौड़ाईकरण एवं सुदृढ़ीकरण

शहरी अवसंरचना को बढ़ावा
-
जयपुर में 286 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सांगानेर फ्लाईओवर से चौरड़िया पेट्रोल पंप होते हुए मालपुरा गेट तक एलिवेटेड रोड
-
जोधपुर में 1,243 करोड़ रुपये की लागत से महामंदिर से अखलिया चौराहा तक 4-लेन एलिवेटेड रोड
-
बारां जिले में 322 करोड़ रुपये की मालबमोरी–मांगरोल–बारां राज्य राजमार्ग परियोजना
-
सवाईमाधोपुर में 111 करोड़ रुपये की लागत से एनएच-552 पर कुस्तला–सवाईमाधोपुर फोर-लेन कार्य

औद्योगिक एवं पेयजल परियोजनाएं
पश्चिमी राजस्थान में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए जोधपुर-पाली मारवाड़ औद्योगिक क्षेत्र (जेपीएमआईए) में 526 करोड़ रुपये के आधारभूत संरचना एवं पेयजल आपूर्ति कार्यों का शिलान्यास किया गया।
इसके साथ ही:
-
नोनेरा वृहद पेयजल परियोजना के 1,021 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 4 पैकेज
-
परवन अकावद वृहद पेयजल परियोजना के 2,247 करोड़ रुपये के 5 पैकेज
-
बीकानेर वृहद पेयजल परियोजना के 660 करोड़ रुपये के 2 कार्य
बीकानेर, फलौदी, जैसलमेर, हनुमानगढ़ और डूंगरपुर जिलों में नहरों के विकास और जीर्णोद्धार कार्यों का भी शिलान्यास किया गया।

ऊर्जा क्षेत्र में 3,616 करोड़ की पारेषण प्रणाली का लोकार्पण
राजस्थान में नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन केंद्रों से बिजली के सुगम पारेषण के लिए 3,616 करोड़ रुपये की पारेषण प्रणाली का लोकार्पण किया गया। इसके अतिरिक्त 1,781 करोड़ रुपये की लागत से 220 केवी के पांच और 400 केवी के दो ग्रिड सब-स्टेशन सहित विभिन्न विद्युत विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया।

21,863 युवाओं को नियुक्ति पत्र
इस अवसर पर राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में चयनित 21,863 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। प्रमुख पदों में पटवारी, संविदा कनिष्ठ तकनीकी सहायक, पशुधन सहायक, सीएचओ, फार्मा असिस्टेंट, आयुर्वेदिक कम्पाउंडर, पब्लिक हेल्थ केयर नर्स, मेडिकल लैब तकनीशियन, नर्सिंग स्टाफ तथा खनन एवं शिक्षा विभाग के विभिन्न पद शामिल हैं।

राजस्थान के विकास, स्वास्थ्य सुरक्षा और रोजगार सृजन की दिशा में यह कार्यक्रम महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


















































