लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
संवाददाता — मनीष पारीक, नावां सिटी।
नावां सिटी में आज राजस्थान पुलिस की ओर से लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती बड़े उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाई गई। इस अवसर पर ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया, जिसका नेतृत्व थानाधिकारी नन्दलाल रिणवा ने किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश देना रहा। दौड़ की शुरुआत लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम से हुई, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गणेश मंदिर परिसर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा स्थल तक पहुँची।
दौड़ में पुलिस अधिकारी और जवानों, पुलिस मित्रों, स्थानीय नागरिकों, स्कूली छात्र-छात्राओं, तथा विभिन्न सरकारी विभागों के कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
रन फॉर यूनिटी के दौरान प्रतिभागियों ने “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” और “राष्ट्र की एकता हमारी पहचान” जैसे नारे लगाकर नागरिकों में देशभक्ति और एकता का संदेश फैलाया। पूरे आयोजन में शहरभर में एकता और सामूहिकता का वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम के समापन पर थानाधिकारी नन्दलाल रिणवा ने कहा —
“सरदार पटेल ने स्वतंत्र भारत के एकीकरण में जो योगदान दिया, वह अद्वितीय है। उनकी जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाना हम सबके लिए गर्व की बात है। ऐसे आयोजन युवाओं में देशभक्ति की भावना को सशक्त करते हैं और समाज को एक सूत्र में जोड़ते हैं।”
इस अवसर पर पुलिस प्रशासन ने उपस्थित नागरिकों को एकता, सद्भाव और सामाजिक समरसता बनाए रखने का संकल्प भी दिलाया।
