लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
नसीराबाद (अजमेर)। संवाददाता — जितेंद्र बालोत
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर शुक्रवार को नसीराबाद में राष्ट्रीय एकता और हरित पर्यावरण का अनूठा संदेश दिया गया। इस अवसर पर सदर थाना और सिटी थाना पुलिस की संयुक्त पहल पर ‘रन फॉर यूनिटी’ मैराथन दौड़ एवं पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सरदार पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित करने से हुई। सदर थानाधिकारी के नेतृत्व में ‘रन फॉर यूनिटी’ का शुभारंभ हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी गेट से हुआ, जो अंबेडकर सर्किल होते हुए वार्ड संख्या 6 स्थित डेयरी बूथ पर संपन्न हुई।
दौड़ में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, नगर के गणमान्य नागरिक और युवा वर्ग ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दौड़ के बाद सदर थाना परिसर में सरदार पटेल की स्मृति में पौधारोपण किया गया। पुलिस कर्मियों ने मिलकर छायादार और फलदार पौधे लगाए और उन्हें सुरक्षित रखने का संकल्प लिया। इसी तरह सिटी थाना परिसर में भी पौधारोपण किया गया।
अधिकारियों ने इस मौके पर कहा कि —
“जिस प्रकार सरदार पटेल ने देश की एकता को सशक्त किया, उसी प्रकार हमें पर्यावरण की एकता और संतुलन बनाए रखना चाहिए।”
मैराथन की सबसे प्रेरणादायक झलक रही कांस्टेबल युवराज चौधरी के पांच वर्षीय पुत्र शुभम चौधरी की सहभागिता। नन्हे शुभम ने अपने पिता के साथ पूरी दौड़ में भाग लेकर सभी का ध्यान आकर्षित किया।
वहीं सिटी थाना पुलिस द्वारा आयोजित दूसरी मैराथन सरदार वल्लभभाई पटेल उद्यान से शुरू होकर रोटरी क्लब चौराहा, शहीद स्मारक, राजकीय अस्पताल, और हनुमान चौक होते हुए पुनः पटेल उद्यान पर समाप्त हुई। दौड़ के बाद वहां भी पौधारोपण कर हरियाली और एकता का संदेश दिया गया।