लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
राजसमंद: राजसमंद जिले के कुंवारिया कस्बे के कीर मोहल्ले में स्थित नारसिंह माता मंदिर पर शारदीय नवरात्र के समापन अवसर पर बुधवार को भव्य सरवर यात्रा निकाली गई। यात्रा नारसिंह माता मंदिर से शुरू हुई और भक्तगण नेजा खेलते हुए ढोल-नगाड़ों की धुन पर थिरकते हुए माता के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े।
पूर्व वार्ड पंच लक्ष्मण कीर ने बताया कि इस दौरान नारसिंह माता मंदिर के भोपाजी उदय लाल कीर, लाला फुला माताजी के भोपाजी मांगीलाल कीर, कालाजी बावजी के भोपाजी घनश्याम कीर, गोपी लाल, मिठू लाल, रमेश कीर, बाबूलाल प्रजापत सहित अन्य भोपाओं को भोपा भाव हुआ। कई महिला-पुरुष श्रद्धालुओं को भी भाव आने के बाद बावजी के दर्शन करने का अवसर मिला।
सरवर यात्रा तलाई स्थल पर पहुंची, जहां विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान काला जी बावजी के भोपाजी घनश्याम कीर ने समय बंचावनी की और क्षेत्र में आने वाले दिनों में पांच मावठे होने की जानकारी दी।
शहर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस अवसर पर उपस्थित रहे। यात्रा के बाद सभी श्रद्धालु मंदिर परिसर में जुटे और विशेष आरती के बाद महाप्रसाद का वितरण किया गया।
बताया गया कि बीती रात नारसिंह माता मंदिर में जागरण और भजन कीर्तन का कार्यक्रम भी हुआ। इसमें गोपीलाल कीर, राधा कीर, मांगीलाल कीर, मिट्ठू कीर, वर्दी चंद कीर सहित अन्य कलाकारों ने माता जी की लावण्या प्रस्तुत की। भजन संध्या में आसपास और दूरदराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।