लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सेवादल कार्यकर्ताओं का अनोखा विरोध प्रदर्शन
प्रदीप सोनी
सीकर। घरेलू रसोई गैस की बढ़ती कीमतों और गैस सिलेंडर की किल्लत के विरोध में कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को अनोखा और व्यंग्यात्मक प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने “नाले से गैस निकालो योजना” के रूप में प्रतीकात्मक प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार की नीतियों पर कटाक्ष किया।
सेवादल जिला अध्यक्ष रविकांत तिवाड़ी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सड़क किनारे नाले से गैस सिलेंडर भरने की प्रतीकात्मक कोशिश की, हालांकि यह प्रयोग सफल नहीं रहा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बढ़ी हुई गैस कीमतों को वापस लेने की मांग की।
रविकांत तिवाड़ी ने तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की कथित वैज्ञानिक तकनीक यहां काम नहीं आई। उन्होंने कहा कि हमने प्रधानमंत्री की तकनीक के आधार पर एक प्रस्ताव तैयार किया है और सरकार से मांग करते हैं कि सीकर में सीवरेज प्लांट तथा बीड़ क्षेत्र में जमा गंदे पानी से गैस बनाने के लिए प्लांट लगाया जाए, ताकि सरकार अपने दावे को सही साबित कर सके। अन्यथा यह भी प्रधानमंत्री का एक जुमला और झूठ साबित होगा।
सीकर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेश सैनी ने कहा कि गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों, महंगाई और बेरोजगारी से आम जनता परेशान है, लेकिन सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि यदि हालात ऐसे ही रहे तो शायद “नाली से गैस योजना” ही काम आएगी।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार से रसोई गैस की बढ़ी हुई कीमतें वापस लेने और गैस सिलेंडर की किल्लत दूर करने की मांग की।
इस अवसर पर कांग्रेस सेवादल जिला अध्यक्ष रविकांत तिवाड़ी, सीकर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेश सैनी, सेवादल यंग ब्रिगेड जिला अध्यक्ष संदीप ओला, अमोलक कुमावत, राजकुमार पारीक, आनंद सिंह चौहान, इदरीश चौहान, संदीप तंवर, रवि गिनोडिया, मोइन खान, दिनेश सेठी, राजेंद्र प्रसाद सैनी, सुरेंद्र बहड़, महेंद्र सैनी, सुरेश पारीक सहित अनेक कांग्रेस सेवादल कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






















































