लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
एपस्टीन फाइल्स और भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में पुतला जलाया
नागौर (प्रदीप कुमार डागा)।
नागौर महिला कांग्रेस ने आज जिला कांग्रेस कार्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष हनुमानराम बांगड़ा और महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सीमा सोलंकी की मौजूदगी में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के खिलाफ पुतला जलाकर इस्तीफे की मांग की गई। प्रदर्शन का मुख्य मुद्दा एपस्टीन फाइल्स में उनके नाम का उजागर होना और भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर नाराजगी थी।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष हनुमानराम बांगड़ा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत-अमेरिका ट्रेड में देश की संप्रभुता को खतरे में डालते हुए अपने राजनीतिक मित्रों के दबाव में समझौता किया। उन्होंने कहा कि ट्रंप बार-बार प्रधानमंत्री की गरिमा पर प्रहार कर रहे हैं और उनके राजनीतिक भविष्य को भी खतरे में डाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की चुप्पी और राष्ट्रीय हितों से समझौता कांग्रेस पार्टी के लिए अस्वीकार्य है।
महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सीमा सोलंकी ने कहा कि एपस्टीन फाइल्स, भारत-अमेरिका ट्रेड डील और सीमा सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दों पर देश मोदी सरकार से जवाब मांग रहा है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी किसानों, कामगारों और छोटे व्यापारियों के साथ हुए विश्वासघात और राष्ट्रीय हितों से समझौते को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं करेगी।
प्रदर्शन में जयश्री, प्रेमलता, रेखा, पूजा, निर्मला, संगीता, प्रवीण सोलंकी, मुरली टेलर, क्रांति गुजराती, भानुप्रकाश सैनी, मोहित व्यास, सत्यवीर, रामदेव सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित थे।
इस अवसर पर कांग्रेस ने जोर देकर कहा कि देश और नागरिकों के हित के लिए पार्टी हर मोर्चे पर संघर्ष करती रहेगी।
