लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नीति आयोग ने सभी संकेतकों को शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए
नागौर (प्रदीप कुमार डागा)।
आशान्वित ब्लॉक कार्यक्रम के अंतर्गत संपूर्णता अभियान 2.0 के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा के लिए नीति आयोग की टीम ने जायल ब्लॉक का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण टीम में नीति आयोग की ओर से कोमल शेखावत (Consultant, Industry & FI Division) और कोऑर्डिनेटर सुरेंद्र खंडेलवाल शामिल थे।
निरीक्षण के दौरान टीम ने विभिन्न संस्थानों का भ्रमण कर जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं, अभिलेखों और योजनाओं की प्रगति का अवलोकन किया। निरीक्षण किए गए प्रमुख संस्थान थे:
-
महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, कटौती
-
आंगनवाड़ी केंद्र, कटौती
-
पशुपालन विभाग, कटौती
-
मॉडल स्कूल, जायल
-
गौशाला, जायल
-
राजकीय बालिका विद्यालय, जायल
-
आंगनबाड़ी केंद्र, जायल
-
राजकीय उप जिला चिकित्सालय, जायल

टीम ने शिक्षा, पोषण, स्वास्थ्य, पशुपालन एवं आधारभूत सुविधाओं से जुड़े संकेतकों की विस्तृत समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों से अभिलेखों का मिलान कर वास्तविक प्रगति की जानकारी ली गई और आवश्यक सुधारों के संबंध में सुझाव दिए गए।
निरीक्षण के पश्चात जायल ब्लॉक के सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संपूर्णता अभियान 2.0 के सभी प्रमुख संकेतकों को शत-प्रतिशत प्राप्त करने पर जोर दिया गया।
उपखंड अधिकारी रजत ने निर्देश दिए कि संपूर्णता अभियान से संबंधित सभी संकेतकों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए और आशान्वित ब्लॉक कार्यक्रम के प्रत्येक बिंदु पर गंभीरता से कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि लक्ष्य की पूर्ति के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
नीति आयोग की टीम ने विभागीय समन्वय, डेटा की शुद्धता और जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन को अभियान की सफलता की कुंजी बताया।
संपूर्णता अभियान 2.0 के तहत जायल ब्लॉक को सभी संकेतकों में उत्कृष्ट प्रदर्शन की दिशा में अग्रसर करने के लिए प्रशासन द्वारा ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।