लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर (प्रदीप कुमार डागा)। भारत विकास परिषद् शाखा नागौर द्वारा बाठडियों का चौक स्थित ब्राह्मण स्वर्णकार समाज भवन में होली स्नेह मिलन एवं फागोत्सव – 2026 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में फागोत्सव के साथ ही श्याम दरबार भी सजाया गया, जिसमें परिषद् परिवार की बेटियों ने राधा-कृष्ण की झांकी का सजीव रूप प्रस्तुत किया।
कृष्णा चांडक ने कृष्ण का रूप, दिव्या सिकावत ने राधा का रूप धारण किया। इसके साथ ही अंजली सारडा, राधिका अटल, वैदिका मूंदड़ा, तृप्ति राठी, विनीता टाक, राधिका सारडा और स्नेहा मूंदड़ा ने गोपियों का रूप धारण किया। झांकी का श्रृंगार विनीता टाक ने किया। सभी बहिनों ने परिषद् परिवार के सह सचिव शरद कुमार जोशी द्वारा गाए गए मधुर भजन “श्याम आएंगे” पर भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में भारत विकास परिषद् के प्रांतीय समन्वयक नृत्य गोपाल मित्तल ने भाव भूमिका प्रस्तुत की और अतिथि कलाकारों का परिचय करवाया। अतिथि कलाकारों संगीता बजाज, प्राची राठौड़, ऋतु रांकावत, खुशी शर्मा ने भक्ति प्रधान फाग गीत प्रस्तुत कर माहौल को और ऊर्जामय बनाया। इसके बाद श्याम जगत के प्रख्यात भजन प्रवाहक मुन्ना स्वर्णकार ने भजनों के माध्यम से उपस्थित सदस्यों को नाचने और झूमने पर मजबूर किया।
कार्यक्रम के दौरान भारत विकास परिषद् परिवार के उन सदस्यों को भी मंच पर आमंत्रित किया गया जिनकी इस सप्ताह में वैवाहिक वर्षगांठ थी, उन्हें संगीतमय शुभकामनाएं दी गई और वरिष्ठ जनों द्वारा माल्यार्पण कर आशीर्वाद प्रदान किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ सदस्य भोजराज सारस्वत द्वारा पूजा-अर्चना से हुई, जिसमें उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल जीवन में आनंद भरते हैं, बल्कि भारतीय प्राचीन कुटुंब व्यवस्था और संस्कारों का संवर्धन भी करते हैं। वरिष्ठ सदस्य अशोक राठी और प्रवीण बांठिया ने भी अपने विचार साझा किए और होली की शुभकामनाएं दीं।
सांस्कृतिक सहयोग: समूह गायन में रवि प्रकाश सोनी, जगदीश बंसल और विकास सोनी ने योगदान दिया। मातृ शक्ति की सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी शोभा सारडा, सुमन अग्रवाल, रिद्धि चांडक, सुधा अग्रवाल ने कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित की।
शाखा संरक्षक आनंद अग्रवाल ने सभी का आभार प्रकट किया। कार्यक्रम का सफल संचालन नृत्य गोपाल मित्तल ने किया। अंत में श्याम बाबा के साथ पुष्पों की होली खेली गई और भावपूर्ण श्याम आरती के बाद सामूहिक भोजन प्रसाद किया गया।
विशेष जानकारी: श्याम दरबार को सजाने और कृष्ण-राधिका की झांकियों पर बरसाने के लिए 80 किलो से अधिक पुष्प अर्पित किए गए। पूर्व संरक्षक हरिराम धारणिया, कैलाश सारड़ा और पूर्व सचिव चरण प्रकाश डागा, बजरंग लाल शर्मा ने अल्पाहार, भोजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और पुरस्कार वितरण की व्यवस्थाएं संभाली।



















































