लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)। अखिल नागरचाल धाकड़ समाज 108 गांव की बैठक मांडकला स्थित भगवान धरणीधर मंदिर परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता 108 गांव अध्यक्ष रमेशचंद नागर ने की। बैठक में 108 गांव स्तरीय सामूहिक विवाह सम्मेलन को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सामूहिक विवाह सम्मेलन मांडकला मंडल के रतनपुरा गांव में 26 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा। साथ ही सामाजिक कुरीतियों पर रोक लगाने और समानता बनाए रखने के उद्देश्य से प्री-वेडिंग शूट पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया।
इसके अलावा समाज में सादगी और समानता को बढ़ावा देने हेतु यह भी तय किया गया कि विवाह में छाबड़े में केवल ढाई तोला सोने का मंगलसूत्र, कान के जेवर तथा अधिकतम 500 ग्राम चांदी की पायजेब ही लाई जाएगी। सामूहिक विवाह सम्मेलन की तिथि के दिन 108 गांव क्षेत्र में समाज का कोई भी बंधु व्यक्तिगत विवाह नहीं करेगा, यह निर्णय भी सर्वसम्मति से लिया गया।
बैठक में समाज से जुड़े कई अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर धरणीधर सेवा संस्थान अध्यक्ष राधेश्याम धाकड़, उत्थान समिति अध्यक्ष श्योजीलाल धाकड़, रामेश्वर मंडल अध्यक्ष गोपीलाल, बरवाड़ा मंडल अध्यक्ष महावीर नागर, मांडकला मंडल अध्यक्ष सत्यनारायण गुराई, एडवोकेट सुरेंद्र धाकड़, शिवजीराम धाकड़, राधाकिशन धाकड़, राधेश्याम धाकड़, जगदीश धाकड़, घासीलाल धाकड़ सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।