ना बस, ना घोड़ा… तालाब में सजी नावों संग निकली अनोखी बारात

0
338
- Advertisement -
लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सत्यनारायण सेन गुरला की स्पेशल रिपोर्ट
भीलवाड़ा। शादियों के इस सीजन में यादगार बनने की होड़ के बीच भीलवाड़ा जिले के गंगापुर क्षेत्र के लाखोला गांव में एक अनोखी और आकर्षक बारात देखने को मिली। गुरुवार को जाट समाज के एक विवाह समारोह में दूल्हे की बारात सड़क या घोड़े पर नहीं, बल्कि तालाब में सजी नावों के जरिए निकाली गई, जिसने पूरे इलाके का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
गंगापुर कस्बे से करीब 5 किलोमीटर दूर स्थित लाखोला गांव निवासी दूल्हा जगदीश जाट, पुत्र मांगीलाल जाट (पलाया परिवार) की शादी बघेरा गांव में तय थी, जो लाखोला से करीब 3 किलोमीटर दूर है। आमतौर पर इस दूरी को तय करने के कई रास्ते मौजूद हैं, लेकिन परिवार ने इस शादी को खास और यादगार बनाने के लिए कुछ अलग करने का निर्णय लिया।
इसके तहत लाखोला गांव के तालाब में आधा दर्जन से अधिक नावों को रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजाया गया। ढोल-नगाड़ों की गूंज के साथ बाराती नाचते-गाते तालाब पहुंचे और दूल्हे सहित सभी बाराती तैरती नावों में सवार होकर फोटो सेशन करते हुए बघेरा गांव की ओर रवाना हुए। तालाब में नावों से जाती बारात का दृश्य बेहद आकर्षक और अनोखा रहा।
इस अनूठी बारात को देखने वाले लोग हैरान भी हुए और खुश भी। नावों से निकली इस बारात की चर्चा अब पूरे इलाके में हो रही है और यह विवाह समारोह लोगों के लिए यादगार बन गया है।
- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here